Headlines

TRAI Order: Telecom Companies Must Offer Low Validity Voice, SMS Plans


नई दिल्ली8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने कंपनियों को आदेश दिया है कि वह कम इनकम वाले यूजर्स के लिए छोटी वैलिडिटी के वॉइस और SMS रिचार्ज प्लान लाएं।

TRAI के नए नियमों के तहत अब टेलीकॉम कंपनियों को वॉइस और SMS सर्विसेज के लिए कम दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज प्लान ऑफर करने होंगे। जानिए TRAI के इस फैसले का आपकी जेब पर क्या असर पड़ेगा और यह आपके लिए कितना फायदेमंद है…

सवाल: TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए क्या नया आदेश जारी किया है?

जवाब: TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वां संशोधन) रेगुलेशन, 2026 जारी किया है। इसके तहत सभी टेलीकॉम कंपनियों को 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले विशेष टैरिफ वाउचर (STVs) पेश करना अनिवार्य कर दिया गया है। ये प्लान मुख्य रूप से केवल वॉइस कॉलिंग, SMS और डेटा सेवाओं के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।

सवाल: इस फैसले को लाने के पीछे TRAI की मुख्य वजह क्या है?

जवाब: रेगुलेटर ने पाया कि टेलीकॉम कंपनियां ज्यादातर केवल लंबी वैलिडिटी वाले वॉइस और SMS प्लान ही ऑफर कर रही थीं। इनमें डेटा प्लान भी साथ में बंडल (जुड़ा) रहता था।

इस वजह से जिन ग्राहकों को मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं थी, उन्हें भी मजबूरी में डेटा के साथ महंगे रिचार्ज कराने पड़ रहे थे। TRAI का कहना है कि छोटी अवधि के प्लान से कम आय वाले यूजर्स और बिना डेटा इस्तेमाल करने वालों को राहत मिलेगी।

सवाल: नया नियम लागू होने के बाद ग्राहकों को क्या विकल्प मिलेंगे?

जवाब: नए नियमों के अनुसार, टेलीकॉम ऑपरेटर्स को कम से कम एक ऐसा STV ऑफर करना होगा जो हर महीने की एक ही तारीख को रिन्यू हो सकेगा। यदि किसी महीने में वह तारीख नहीं आती है (जैसे 31 तारीख वाला महीना), तो रिचार्ज उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यू होगा।

इसके अलावा, ऑपरेटर्स को इस मंथली-रिन्यूअल विकल्प से ज्यादा वैलिडिटी वाला कम से कम एक STV भी पेश करना होगा।

सवाल: यह नियम किस तारीख के रेगुलेशन में संशोधन करके लागू किया गया है?

जवाब: TRAI ने इस नियम को 21 सितंबर 2026 को अंतिम रूप दिया है। यह वर्ष 2024 में लागू किए गए 12वें संशोधन के बाद की गई समीक्षा का नतीजा है। TRAI ने देखा कि 2024 के नियमों के बाद बाजार में केवल वॉइस और SMS वाले प्लान की उपलब्धता काफी सीमित हो गई थी।

सवाल: इस फैसले तक पहुंचने के लिए TRAI ने क्या प्रक्रिया अपनाई थी?

जवाब: TRAI ने इस संशोधन के लिए एक लंबी परामर्श प्रक्रिया (कंसल्टेशन प्रोसेस) चलाई थी…

7 अप्रैल 2026: TRAI ने 13वें संशोधन का ड्राफ्ट जारी किया।

फीडबैक: इस ड्राफ्ट पर हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) से 1,132 सुझाव और प्रतिक्रियाएं मिलीं।

15 जून 2026: ओपन हाउस डिस्कशन (OHD) का आयोजन किया गया, जिसके बाद आम जनता और कंपनियों के सुझावों के आधार पर यह अंतिम नियम तैयार किया गया।

सवाल: इस फैसले से सबसे ज्यादा फायदा किन ग्राहकों को होगा?

जवाब: इस फैसले का सीधा फायदा 3 प्रमुख वर्गों को होगा:

  • कम आय वाले लोग: जो एक बार में ज्यादा पैसे खर्च करके 84 दिन या पूरे साल का रिचार्ज नहीं करा सकते।
  • बुजुर्ग या केवल कॉलिंग करने वाले यूजर: जो स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं करते या जिन्हें इंटरनेट/डेटा की कोई जरूरत नहीं होती।
  • सेकेंडरी सिम यूजर्स: जो अपने दूसरे नंबर को केवल इनकमिंग या कॉलिंग के लिए एक्टिव रखना चाहते हैं।

सवाल: इस नियम से टेलीकॉम इंडस्ट्री के करंट ट्रेंड पर क्या असर पड़ेगा?

जवाब: पिछले कुछ समय से जियो, एयरटेल और वीआई (Vi) जैसी बड़ी टेलीकॉम कंपनियां अपने प्री-पेड पोर्टफोलियो को लंबी वैलिडिटी (जैसे 56 या 84 दिन) और डेटा-बंडल प्लान्स की तरफ शिफ्ट कर रही थीं।

TRAI के इस कदम से अब कंपनियों को वॉइस-सेंट्रिक यानी केवल कॉलिंग पर ध्यान देने वाले सस्ते और छोटे प्लान्स को भी अपने पोर्टफोलियो में बनाए रखना होगा।

सवाल: ग्राहक इन नए रीचार्ज वाउचर की जानकारी कहां देख सकते हैं?

जवाब: TRAI ने इन नए नियमों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। इसके लागू होने के बाद टेलीकॉम कंपनियां अपने मोबाइल ऐप्स, वेबसाइट्स और रिटेल स्टोर्स पर 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले नए वॉइस और SMS प्लान्स की पूरी लिस्ट जारी करेंगी।

जानें क्या है स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV)?

  • STV क्या होता है: स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) एक ऐसा रीचार्ज प्लान होता है जो यूजर को निश्चित अवधि के लिए कॉलिंग दरें घटाने, फ्री SMS या सीमित/असीमित टॉकटाइम देने की सुविधा प्रदान करता है।
  • 12वां बनाम 13वां संशोधन: 2024 के 12वें संशोधन के बाद कंपनियों ने रीचार्ज प्लान्स में डेटा बंडल करना शुरू कर दिया था और कॉलिंग प्लान की वैलिडिटी बढ़ा दी थी। 13वें संशोधन (2026) का मुख्य मकसद ग्राहकों को ‘केवल कॉलिंग’ और ‘कम अवधि’ का विकल्प देना है।

TRAI के नए नियम से क्या बदलेगा?

विषय पहले का सिस्टम TRAI के नए नियम के बाद
रिचार्ज वैलिडिटी ज्यादातर 28, 56 या 84 दिनों का ही ऑप्शन अवेलेबल रहता था 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले नए वाउचर मिलेंगे
डेटा की अनिवार्यता वॉइस और SMS के साथ जबरन डेटा पैक जुड़ा रहता था बिना डेटा वाले केवल वॉइस + SMS रीचार्ज ऑप्शन अवेलेबल होंगे
मंथली रिन्यूअल हर 28 दिन में रिचार्ज कराना पड़ता था (साल में 13 बार) हर महीने की एक ही निश्चित तारीख को रिचार्ज रिन्यू करने का ऑप्शन मिलेगा
टारगेट यूजर केवल डेटा और भारी इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहक कम बजट वाले, बुजुर्ग और केवल कॉलिंग करने वाले यूजर्स

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *