![]()
शिवहर जिले में हल्की बारिश के बाद ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता एवं शिवहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नवनीत कुमार झा ने इस मुद्दे पर जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। नवनीत कुमार झा ने बताया कि थोड़ी सी बारिश में ही शिवहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल जाती है। शहर के साथ-साथ अधिकांश ग्रामीण इलाकों में भी सड़कें और गलियां जलमग्न हो जाती हैं। कई स्थानों पर दिनों तक गंदा पानी जमा रहने से आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ा उन्होंने चिंता व्यक्त की कि बरसात के मौसम में जलभराव के कारण मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। दूषित पानी में बैक्टीरिया, वायरस और परजीवी तेजी से पनपते हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और अन्य संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी रहती है। कुछ जगहों पर यह गंदा पानी चापाकलों के पास भी पहुंच जाता है, जिससे पेयजल दूषित होने का खतरा रहता है। गंदे पानी से होकर गुजरते हैं लोग राजद नेता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरते हैं, जिससे संक्रमण का जोखिम और बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जलभराव वाले सभी क्षेत्रों की तत्काल पहचान की जाए और स्वच्छता कर्मियों तथा संबंधित विभागों के माध्यम से पानी की निकासी सुनिश्चित कराई जाए। नवनीत कुमार झा ने जिलाधिकारी प्रतिभा रानी से अपील की कि वे सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित कर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था कराएं। उन्होंने जोर दिया कि यह केवल सुविधा का नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और जनहित से जुड़ा एक गंभीर विषय है, जिस पर प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
Source link
हल्की बारिश से शिवहर में जलभराव:राजद नेता ने डीएम से की कार्रवाई की मांग, गंदे पानी से होकर गुजरते हैं लोग
