![]()
खगड़िया में बाढ़ की स्थिति के बीच राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक हुई। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सह खगड़िया के प्रभारी सचिव राहुल कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीएम विक्रम विरकर समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और जिला बीस सूत्री के सदस्य शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने बताई जमीनी स्थिति बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति और प्रभावित परिवारों की समस्याओं की जानकारी दी। राहत और बचाव कार्यों में आ रही स्थानीय दिक्कतों तथा लोगों की जरूरतों से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया। प्रभारी सचिव ने सुझावों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। खतरनाक जगहों पर लाल निशान लगाने का निर्देश बाढ़ प्रभावित इलाकों में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए खतरनाक गड्ढों और अन्य जोखिम वाली जगहों को लाल कपड़े या लाल निशान से चिह्नित करने को कहा गया। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संक्रमण रोकने पर विशेष जोर बाढ़ के बाद संक्रमण और पानी से होने वाली बीमारियों की आशंका को देखते हुए प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर, हैलोजन और क्लोरीन के वितरण का निर्देश दिया गया। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। बच्चों को बाढ़ के पानी से दूर रखने की अपील प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बच्चों को बाढ़ के पानी में जाने और नहाने से रोकने को कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि पानी में छिपे गड्ढे और तेज बहाव दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। बिजली और जरूरी वस्तुओं की भी हुई समीक्षा बैठक में विद्युत आपूर्ति, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं, क्षतिग्रस्त संरचनाओं और प्रभावित परिवारों को समयबद्ध सहायता देने की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से राहत कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव, जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुधन भगत, जिला बीस सूत्री के सदस्य मोहम्मद शहाबुद्दीन, नीलम वर्मा, इंद्र भूषण कुशवाहा, बंदना कुमारी और राजेश कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अपर समाहर्ता, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, विशेष कार्य पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता और आपदा प्रबंधन टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
Source link
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गड्ढों पर लगेंगे लाल निशान:बच्चों को पानी में नहीं जाने दें, प्रभारी सचिव ने राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा कर निर्देश की
