Headlines

कृषि टास्क फोर्स ने खरीफ फसल की समीक्षा की:कटिहार में बाढ़ क्षति, किसान रजिस्ट्री और डिजिटल क्रॉप सर्वे पर भी चर्चा हुई




कटिहार के एनआईसी सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी समेत कृषि और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जिले की कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि खरीफ मौसम 2026 के लिए जिले में विभिन्न फसलों के आच्छादन का कुल लक्ष्य 1,00,125.091 हेक्टेयर तय किया गया था। इसके मुकाबले अब तक 97,782.72 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल लगाई जा चुकी है। धान के लिए तय 93,837.70 हेक्टेयर लक्ष्य को पूरी तरह हासिल कर लिया गया है। बाढ़ और ज्यादा बारिश से हुई फसल क्षति की भी समीक्षा हुई। अगस्त के आखिरी सप्ताह में भारी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से जिले के सात प्रखंडों की 61 पंचायतों में 6,749 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें प्रभावित हुईं। इनमें धान, जूट, मक्का, सब्जी और केला शामिल हैं। संयुक्त जांच के बाद 33 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान वाले 2,234 हेक्टेयर क्षेत्र का आकलन किया गया है। जिला पदाधिकारी की मंजूरी के बाद नुकसान की रिपोर्ट कृषि निदेशालय, बिहार, पटना को भेज दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले में कुल 2,32,984 लाभार्थियों में से 2,27,752 किसानों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। बचे हुए किसानों की रजिस्ट्री जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया। डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा में बताया गया कि 4,19,645 चिह्नित प्लॉटों में से 1,85,639 प्लॉटों का सर्वे पूरा हो गया है। जिला पदाधिकारी ने सर्वे काम में तेजी लाने और तय लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। कृषि यंत्रीकरण योजना 2026-27 के तहत 2,066 कृषि यंत्रों का लक्ष्य निर्धारित है। आठ सितंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू है और अब तक 776 कृषि यंत्रों के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।

वहीं सहयोग पोर्टल पर प्राप्त 145 शिकायतों में से 144 का निवारण किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने शेष शिकायत का शीघ्र निपटारा करने तथा किसानों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने और अगली बैठक में अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *