Headlines

मुजफ्फरपुर में मर्चेंट नेवी के जूनियर ऑफिसर को गोली मारी:आपसी विवाद में युवक को छुड़ाकर लौट रहा था, पीछे से बदमाशों ने चला दी गोली




मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात आपसी विवाद के बाद बदमाशों ने मर्चेंट नेवी के जूनियर ऑफिसर को गोली मार दी। गोली लगने से युवक घायल हो गया। उसकी पहचान भगवानपुर के श्रीराम नगर निवासी अभिजीत कुमार उर्फ गोलू (30) के रूप में हुई है। घटना रात करीब 11 बजे की है। घटना के बाद अभिजीत के साथियों ने उसे पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद शुक्रवार सुबह घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि गोली अभिजीत की दाहिने जांघ में लगी है। विवाद में युवक को छुड़ाकर लौट रहा था अभिजीत ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के कुछ लड़कों के बीच आपस में विवाद हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा। वहां दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। उसके अनुसार, विवाद का पुराना कारण उसे पता नहीं था। अभिजीत के मुताबिक, वहां एक युवक के साथ मारपीट की जा रही थी। उसने फोन कर अपने कुछ दोस्तों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वे लोग मौके पर पहुंचे और पिटाई खा रहे युवक को वहां से छुड़ाकर अपने साथ ले आए। युवक को लेकर लौट रहा था, तभी पीछे से किसी ने चलाई गोली घायल ने बताया कि युवक को लेकर वे लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पीछे से कुछ लोगों ने गोली चला दी। गोली उसे लग गई। उसने बताया कि गोली किसने चलाई, मैं ये नहीं देख सका। अभिजीत के अनुसार, उसका किसी पक्ष से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। दोनों पक्ष के लोग उसे पहचानते हैं। इसके बावजूद गोली चलने की घटना हुई। अस्पताल पहुंची पुलिस, घायल से पूछताछ कर जानकारी जुटाई घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद और टाउन-2 एसडीपीओ कार्तिकेयन ए.के. सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल युवक से घटना की जानकारी ली। एसडीपीओ ने बताया कि सदर अस्पताल में एक युवक के गोली लगने से घायल होकर भर्ती होने की सूचना मिली थी। घायल की पहचान अभिजीत उर्फ गोलू के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है और केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *