- Hindi News
- National
- Disha Salian Father Sends Defamation Notice To Aditya Thackeray, Anil Deshmukh
मुंबई5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र के गृह मंत्री NCP (SP) नेता अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है।
नोटिस में दोनों नेताओं से उनके बयानों को वापस लेने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और 500 करोड़ का हर्जाना देने की मांग की गई है। दोनों को इसके लिए 7 दिन का समय दिया गया है।
आदित्य ठाकरे ने जांच में उनका नाम आने पर कहा था कि ये राजनीति से प्रेरित है। वहीं, अनिल देशमुख ने कहा था कि आदित्य को बदनाम किया जा रहा है। दिशा के पिता ने कहा कि इन बयानों से उनकी निष्पक्ष जांच की मांग को गलत तरीके से पेश किया गया।
28 साल की दिशा एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। उनकी 8 जून 2020 को मुंबई की एक बिल्डिंग से गिरने के कारण मौत हुई थी। दिशा की मौत के 6 दिन बाद 14 जून एक्टर सुशांत सिंह की भी मौत हो गई थी।

आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख के बयान
16 सितंबर: आदित्य ठाकरे बोले- मैं दिशा से कभी नहीं मिला
आदित्या ने कहा- मैं दिशा सालियान से कभी नहीं मिला और उनकी कोई जान-पहचान नहीं थी। करीब 6 साल से राजनीतिक और निजी कारणों से उनका नाम इस मामले से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने इसे बिना सबूत का अभियान बताया और कहा कि जांच एजेंसियों को बिना राजनीतिक हस्तक्षेप के मामले की जांच करनी चाहिए।
23 मार्च 2025: अनिल देशमुख ने साजिश बताया
अनिल देशमुख ने दिशा सालियान मामले को आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की साजिश बताया था।
14 सितंबर को CBI ने दर्ज की FIR
यह नोटिस ऐसे समय आया है, जब CBI ने दिशा की मौत के मामले में 14 सितंबर को FIR दर्ज की। यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के 2 सितंबर के निर्देश के बाद हुई। कोर्ट ने CBI को मामले की नए सिरे से जांच के लिए FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। मुंबई पुलिस की शुरुआती दो जांच में उनकी मौत को आत्महत्या बताया गया था।
पिता ने हाईकोर्ट में दायर की थी याचिका
सतीश सालियान ने बेटी की मौत की दोबारा जांच और FIR दर्ज करने की मांग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने कुछ लोगों की भूमिका की जांच की मांग भी की थी। इसके बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर CBI को मामले की जांच सौंपी गई और 14 सितंबर को FIR दर्ज हुई।
FIR में कई नाम, जांच जारी
CBI की FIR में आदित्य ठाकरे के अलावा डिनो मोरिया, सूरज पंचोली और रिया चक्रवर्ती समेत कई लोगों के नाम बताए गए हैं। पुलिसकर्मियों, मेडिकल स्टाफ और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
किसी FIR में नाम होना अपने आप में अपराध साबित नहीं करता। आरोपों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही तय होगी।

