![]()
नवादा शहर के भीड़भाड़ वाले कलाली रोड पर रविवार को अमन ड्रेस के कपड़े के गोदाम में आग लग गई। इस आग में गोदाम में रखा जींस, शर्ट और दूसरे कपड़े पूरी तरह जलकर खाक हो गए। दुकानदार के मुताबिक, गोदाम में करीब 40 से 50 लाख रुपए का कपड़ा रखा था, जो आग में नष्ट हो गया। यह कपड़ा दुर्गा पूजा की खरीदारी के लिए थोक में मंगाकर रखा गया था। आग लगने से कपड़ा कारोबारी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को उन्होंने गोदाम के अंदर आग की चिंगारी देखी। इसके बाद दुकानदार अमन को फोन कर घटना की जानकारी दी गई। जब अमन मौके पर पहुंचे, तब तक गोदाम से काफी धुआं निकल रहा था। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। भीड़भाड़ वाले इलाके में आग लगने से लोगों में डर फैल गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। करीब एक घंटे के भीतर दमकल विभाग की एक बड़ी और दो छोटी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कपड़ों के गोदाम में आग बहुत तेजी से फैल रही थी, जिसके कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मेहनत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने की कोशिश की। काफी कोशिश के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। इस दौरान स्थानीय थाने की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि, आग लगने की असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता और डर का माहौल है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जानकारी ले रहे हैं।
Source link
नवादा में अमन ड्रेस के गोदाम में लगी आग:40-50 लाख का कपड़ा जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट से आगजनी की आशंका
