![]()
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने घोषणा की है कि बिहार में 30 हजार और भूमिहीन परिवारों को जमीन दी जाएगी। यह अभियान राज्य सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर चलाया जाएगा। मंत्री डॉ. जायसवाल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से आग्रह किया है कि 20 नवंबर से 20 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाए। इससे पहले 15 अगस्त को ‘अभियान बसेरा’ के तहत 30 हजार भूमिहीन परिवारों को जमीन के पर्चे दिए गए थे। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी भी बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवार हैं, जिन्हें जमीन और घर का अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। डॉ. जायसवाल ने बताया कि भूमिहीन परिवारों को जमीन और मकान का अधिकार मिलने से समाज के सबसे निचले तबके के लोगों को उनका हक मिलेगा। सरकार का मकसद विकास की मुख्यधारा से वंचित परिवारों को अधिकार देकर उन्हें सम्मानजनक जीवन देना है। ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता पर दी बधाई इससे पहले, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने भारत में हुए ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स के जरिए वैश्विक मंच पर भारत का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा। आने वाले समय में भारत आर्थिक और सैन्य शक्ति के तौर पर और मजबूत होगा। किशनगंज में पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन में कई बड़ी शक्तियों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता दिखाती है। सम्मेलन के दौरान अलग-अलग देशों के साथ संबंध मजबूत करने की दिशा में अहम पहल हुई है। उन्होंने कहा कि इसका फायदा भारत को जल्द ही बड़े पैमाने पर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद के खिलाफ दुनिया भर के सभी देशों को एकजुट होकर मुकाबला करना होगा। भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई को लगातार मजबूत कर रहा है और इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उसे बड़ा समर्थन मिल रहा है।
Source link
बिहार में 30 हजार भूमिहीनों को फिर मिलेगी जमीन:मंत्री डॉ. जायसवाल बोले-सरकार के एक साल पूरे होने पर चलेगा विशेष अभियान
