![]()
बेगूसराय में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बखरी थाना क्षेत्र के बदिया गांव में मटन और शराब की पार्टी के दौरान अवैध पिस्तौल लहराते हुए वीडियो वायरल करने वाले आरोपी हीरा यादव उर्फ पिंटू को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। एसपी मनीष के अनुसार वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान इनपुट मिला की वह अपने घर में ही छुपा हुआ है। सूचना मिलते ही प्राथमिकी दर्ज करने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया है। नशे में धुत्त होकर पिस्तौल दिखा रहा था आरोपी दरअसल हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी थी। वीडियो बखरी थाना क्षेत्र के बदिया गांव का था, जहां कुछ युवक खुलेआम शराब और मटन की महफिल सजाए बैठे थे। पास में दो देशी पिस्तौल भी रखा गया था। इस पार्टी के दौरान नशे में धुत एक युवक हाथ में पिस्तौल लेकर लहराता और प्रदर्शन करता नजर आ रहा था। वीडियो के बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना ‘रंगदारी मिलल है विरासत में’ बज रहा था। यह वीडियो न केवल बिहार में शराबबंदी के दावों पर सवाल उठा रहा था, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश भी थी। वीडियो वायरल होते ही एसपी मनीष ने मामले को गंभीरता से लिया। मुख्य आरोपी हीरा यादव उर्फ पिंटू यादव को घर से किया गिरफ्तार एसपी ने बखरी थाना पुलिस को वीडियो के सत्यापन और आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। पुष्टि और तकनीकी जांच के बाद बखरी पुलिस ने छापेमारी टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदिया गांव स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी और मुख्य आरोपी हीरा यादव उर्फ पिंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा- 25(1)(a) एवं 25(9) आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार रखने और उसका सार्वजनिक प्रदर्शन करने) तथा धारा- 66 आईटी एक्ट (सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर भय व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने) का मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने हथियार के साथ वायरल वीडियो में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आरोपी का पुराना इतिहास रहा है, आदतन अपराधी रहा है पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हीरा उर्फ पिंटू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह इलाके का आदतन अपराधी है और इससे पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में 2 बार जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद वह दोबारा इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए इस तरह की हरकतें कर रहा था। एसपी मनीष ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले या आपराधिक मानसिकता को बढ़ावा देने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बेगूसराय पुलिस लगातार ऐसे असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रख रही है और आगे भी कड़ी से कड़ी विधि-सम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
'रंगदारी मिलल है विरासत में' पर पिस्तौल लहराने वाला गिरफ्तार:बेगूसराय में मटन-शराब पार्टी का वीडियो आया था सामने, घर से पुलिस ने दबोचा
