Headlines

Punjab-Chandigarh News | DA Hike High Court Order & AAP Minister Updates


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर सरकारी कर्मचारियों के DA से जुड़ी रही। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को फटकार लगाकर मामले को जल्दी से आगे बढ़ाने के आदेश दिए। कोर्ट ने यह फटकार DA की किश्तें जारी करने में देरी पर लगाई।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. हाईकोर्ट बोला- कोर्ट से खेल खेलना बंद करे पंजाब सरकार

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने गुरुवार (10 सितंबर) को सरकारी मुलाजिमों के बकाया DA मामले में आदेश का पालन न करने पर पंजाब सरकार को फटकार लगाई।

कोर्ट ने कहा कि सरकार को फैसले को चुनौती देने का पूरा अधिकार है, लेकिन अपील दायर करने के नाम पर पहले से जारी आदेश का पालन करना बंद नहीं किया जा सकता। इस तरह की सभी रणनीतियों को हम भी समझते हैं। अदालत ने सरकार से कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया के साथ खेल खेलना बंद करे और अपनी अपील को आगे बढ़ाए।

सुनवाई के दौरान बताया गया कि मामले में 95 साल तक की उम्र के बुजुर्ग भी शामिल हैं। सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट में दायर अपील की खामियां दूर की जा रही हैं। इस पर हाईकोर्ट ने अपील की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और सुनवाई करवाने पर जोर दिया। कोर्ट ने पंजाब सरकार को 10 दिन का समय देते हुए सुप्रीम कोर्ट में दायर अपील पर सुनवाई करवाने का निर्देश दिया।

अदालत ने कहा कि 10 दिन में सुनवाई नहीं होती है तो हाईकोर्ट मामले को अपने स्तर पर आगे सुनेगा। मामला हाईकोर्ट के 3 अगस्त के उस आदेश की पालना से जुड़ा है, जिसमें पंजाब सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) को केंद्र की दरों के अनुसार DA की लंबित किस्तों का भुगतान करने का निर्देश दिया गया था। गुरुवार को इस पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। (पढ़ें पूरी खबर)

2. जालंधर-होशियारपुर बंद, बाजार-शराब ठेकों के शटर गिरवाए

लुधियाना में जूतों की माला से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से आज (10 सितंबर) जालंधर और होशियारपुर बंद किया गया। जालंधर में सुबह से ही बाजारों की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। जो खुलीं थी, उन्हें प्रदर्शनकारियों ने बंद कराया। होशियारपुर में भी प्रदर्शनकारियों ने बाजार बंद कराए।

लुधियाना में पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दलित समाज के साथ बैठक की, जिसमें समाज के लोगों ने कहा कि आरोपियों को एक सप्ताह में गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। दोपहर को बसपा के वर्करों ने भी लुधियाना में भारत नगर चौक पर धरना लगाया।

लुधियाना, जालंधर और होशियारपुर के बाद अब ये विरोध अमृतसर पहुंच गया है। अमृतसर में शुक्रवार को 3 घंटे चक्काजाम रहेगा। वाल्मीकि समाज से जुड़े संगठनों ने कहा है कि सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक भंडारी पुल जाम करेंगे। हालांकि, अमृतसर बंद की कॉल वापस ले ली गई है। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं चलती रहेंगी। (पढ़ें पूरी खबर)

3. ढाई साल के बच्चे को दी एक्सपायरी दवा, पिता का हंगामा

चंडीगढ़ में सरकारी डिस्पेंसरी में गुरुवार को करीब ढाई साल के बच्चे को एक्सपायरी डेट की दवा दे दी गई। बच्चा 2 दिनों से बुखार से पीड़ित था। पिता ने कहा कि बेटे को पहले डॉक्टर के पास ले गए। उन्होंने 3 तरह की दवाइयां बताईं।

इसके बाद करीब सुबह 10 बजे डिस्पेंसरी से दवाई ली और घर चले गए। बेटे को 2 दवाइयां खिला दीं। जब तीसरी दवाई खिलाने की बारी आई, तो उसके पैकेट पर लिखी डेट पर नजर पड़ गई, जिस पर अगस्त 2026 लिखा था। इससे वह दवाई रोक दी और सीधे डिस्पेंसरी पहुंच कर शिकायत की।

इधर, मामले में डिस्पेंसरी की फार्मेसी ऑफिसर नितिशा ने कहा कि यह दवा गलती से स्टॉक में रह गई और बच्चे को दे दी गई। मामला सामने आने के बाद एक्सपायरी दवा को वहां से हटा दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. AAP मंत्री के पिता का निधन, आधे दिन की छुट्‌टी

पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री मोहिंदर भगत के पिता भगत चुन्नी लाल का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने करीब 94 साल की उम्र में जालंधर के बस्ती एरिया स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। बस्ती शेख श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

पंजाब सरकार ने पूर्व मंत्री भगत के निधन पर शोक स्वरूप सरकारी दफ्तरों में आज आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया। भगत अकाली-भाजपा गठबंधन वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे। उनका जन्म 1 दिसंबर 1932 को सियालकोट (मौजूदा पाकिस्तान) में हुआ था।

भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद उनका परिवार जालंधर में आकर बस गया था। उनका स्पोर्ट्स गुड्स के एक्सपोर्ट का कारोबार था। उनके चार बेटे और चार बेटियां हैं। जालंधर वेस्ट की राजनीति में लंबे समय तक प्रमुख चेहरा रहे। उन्होंने 1997 में पहली बार चुनाव जीता था और विधानसभा पहुंचे। 2017 में उन्होंने राजनीति से संन्यास ले लिया था। (पढ़ें पूरी खबर)

5. बहू की गला घोंटकर हत्या, ससुर ने तिरपाल में लपेटा शव

तरनतारन में ससुर ने बहू का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को प्लास्टिक और तिरपाल में लपेटकर घर के पेटियों वाले कमरे में बनी छोटी दीवार के पीछे छिपा दिया। महिला की मां जब बेटी को तलाश रही थी, तब उसे दीवार के पीछे से शव मिला।

मामले की सूचना मिलने के बाद थाना कच्चा पक्का की पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस ने मृतका की मां के बयानों पर आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला तरनतारन के गांव बुआ पत्ती का है। मृतका की पहचान अमनदीप कौर के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में उसकी मां परमजीत कौर पम्मी ने बताया कि वह रोज की तरह बुधवार देर शाम बेटी के घर पहुंची थी। उस समय घर में बेटी का ससुर बलविंदर सिंह मौजूद था। (पढ़ें पूरी खबर)

6. ढांडा बोले- राघव चड्ढा का जिस गति से वोट बना, उतनी तेज तो बुलेट ट्रेन भी नहीं चलती

पंजाब से BJP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के वोट को लेकर सियासत गरमाई हुई है। गुरुवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि राघव चड्‌ढा ने 26 अगस्त को वोट के लिए अप्लाई किया था और 2 सितंबर को दिल्ली के राजिंदर नगर में उनका वोट बन गया था।

उन्होंने कहा कि जिस गति से उनका वोट बना था, उस गति से मोदी जो बुलेट ट्रेन भारत लाने वाले थे, वह नहीं चलती। उन्होंने कहा कि अगर वोट पहले ही बन गया था तो 3 सितंबर को उन्होंने ट्विटर पर पंजाब सरकार पर आरोप क्यों लगाए? उन्होंने कहा इससे पता चलता है कि BJP और राघव चड्ढा पंजाब से कितनी नफरत करते हैं।

दरअसल, 3 सितंबर को राघव चड्‌ढा ने कहा था कि मोहाली में ड्राफ्ट सूची में उनका नाम हटा दिया गया और उन्हें ‘शिफ्टेड’ की कैटेगरी में डाल दिया गया। यह सामान्य क्लेरिकल गलती नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। उन्होंने कहा था कि SIR के नियमों के तहत ऑब्जेक्शन दाखिल कर दिया है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. मंत्री से सवाल पर सुसाइड, बेटा बोला- जबरन संस्कार कराया

संगरूर में गुलजार सिंह सुसाइड केस में परिवार ने प्रशासन पर जबरन अंतिम संस्कार करवाने का आरोप लगाया है। प्रशासन ने 20 लाख रुपए की आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी का आश्वासन देने के बाद अंतिम संस्कार करवाया था। अब गुलजार सिंह की पत्नी और तीनों बेटे सामने आए हैं। गुलजार सिंह के बड़े बेटे ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उसके छोटे भाई को गुमराह कर बयान लिए और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करवा दिया।

लखविंदर ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए कहा कि प्रशासन ने धक्के से पिता संस्कार किया। हमें कहा कि नौकरी देंगे, लेकिन कुछ नहीं दिया। पांच थानों की पुलिस ने दबाव बनाया। सहमति के बिना संस्कार हुआ। डेडबॉडी को घर भी नहीं लाए। सीधा श्मशान घाट ले गए। मुंह भी देखने नहीं दिया। कपड़ा तक डालने नहीं दिया।

बेटे ने कहा कि पुलिस ने इतना धक्का किया। चीमा को अंदर जाना चाहिए। जिस-जिस का नाम वीडियो में लिया उसे अंदर जाना चाहिए। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक हम फूल चुनने और भोग डालने जैसी आगे की धार्मिक क्रियाएं नहीं करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

8. यूनियन बैंक में लूट की कोशिश, 5 नकाबपोशों ने मचाई अफरातफरी

अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश की गई। कुछ नकाबपोश युवक बैंक के अंदर लूट करने के इरादे से दाखिल हुए। हालांकि, लुटेरे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, करीब 5 अज्ञात युवक बैंक में पहुंचे थे। सभी ने अपने चेहरे ढंके हुए थे। बैंक के अंदर पहुंचने के बाद युवकों ने लूट की कोशिश की। इस दौरान कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी बैंक तक किस रास्ते से पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। (पढ़ें पूरी खबर)

9. झाड़ियों में औंधे मुंह पड़े दो युवक

पठानकोट में नशे में धुत युवकों का एक वीडियो सामने आया है। इसमें 2 युवक एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के पास दीवार से सटे बेसुध औंधे मुंह पड़े दिखाई दे रहे हैं। दोनों के शरीर में कोई हरकत नहीं दिख रही। हालांकि, एक युवक के हाथ की उंगली हिलती हुई नजर आ रही हैं।

यह वीडियो दौलतपुर ढाकी का बताया जा रहा है। पठानकोट विधायक और भाजपा के पूर्व प्रधान अश्वनी शर्मा ने भी वीडियो को लेकर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा- AAP के शासनकाल में यहां गली-गली तक चिट्टे और नशे की बीमारी पहुंच चुकी है। मान सरकार के साढ़े 4 साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन स्थिति सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. पिता ने बेटे से कराई चोरी

लुधियाना में एक पिता ने अपने बच्चे से ऐसा काम कराया, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। बाप ने चोरी के लिए बच्चे का इस्तेमाल किया। बर्गर की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे पिता ने पहले बच्चे से गल्ले में हाथ डालने को कहा। बच्चा ऐसा नहीं कर पाया तो आरोपी ने गोद में उठाकर डेकोरेशन के लिए रखा भगवान बुद्ध का स्टैच्यू उसके हाथ में थमा दिया।

यह मामला सलेम टाबरी के PNB रोड स्थित बर्गर शॉप का है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 2 मिनट 3 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की करतूत साफ नजर आ रही है। स्टैच्यू चुराने के बाद वह तुरंत बच्चे को लेकर बाहर निकल जाता है। इसके बाद वह चालाकी से वापस आता है। अपना ऑर्डर किया हुआ बर्गर लेता है और मौके से फरार हो जाता है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।