![]()
सीतामढ़ी सदर अस्पताल में गुरुवार को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम ठप हो गया। इससे इलाज के लिए आए मरीजों को दिनभर परेशानी हुई। ऑनलाइन सिस्टम का लिंक फेल होने के कारण सुबह से अस्पताल पहुंचे मरीज घंटों पर्ची कटने का इंतजार करते रहे। कई मरीजों ने बताया कि वे सुबह करीब नौ बजे अस्पताल पहुंच गए थे, लेकिन पूरे दिन इंतजार के बाद भी उनकी पर्ची नहीं बन पाई। ऑनलाइन पर्ची नहीं बनने से मरीजों के इलाज पर भी असर पड़ा। खासकर, कुत्ते के काटने के बाद एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाने आए मरीजों को ज्यादा दिक्कत हुई। पर्ची नहीं बनने के कारण कई मरीजों को समय पर रेबीज का इंजेक्शन नहीं लग पाया। पर्ची बनवाने के लिए भटक रहे परिजन मरीजों ने बताया कि वे इलाज की उम्मीद में सुबह से अस्पताल में बैठे थे, लेकिन सर्वर की समस्या के चलते उन्हें बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ा। लुधियाना से इलाज कराने आईं चित्रलेखा कुमारी ने अपनी आपबीती बताई। उन्होंने कहा कि वह सीतामढ़ी में अपने रिश्तेदार से मिलने आई थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद वह सदर अस्पताल पहुंचीं। चित्रलेखा ने बताया कि अस्पताल आने के बाद से वह पर्ची बनवाने के लिए भटक रही हैं, लेकिन ऑनलाइन पर्ची नहीं बनने के कारण उन्हें इलाज नहीं मिल पा रहा है। सदर अस्पताल में मरीजों का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन होता है। गुरुवार को ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया पर असर पड़ा। सिस्टम में तकनीकी समस्या आई – सिविल सर्जन पर्ची नहीं बनने के कारण मरीजों को डॉक्टर से दिखाने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ा। कई मरीजों ने बताया कि सुबह से अस्पताल में रहने के बाद भी जब पर्ची नहीं बनी, तो उन्हें मजबूर होकर निजी क्लीनिक जाना पड़ा या घर लौटना पड़ा। सिविल सर्जन डॉ. रविन्द्र यादव ने बताया कि ऑनलाइन पर्ची बनाने वाले सिस्टम में तकनीकी समस्या आई है। उन्होंने कहा कि संबंधित तकनीकी टीम को इस बारे में बता दिया गया है और इसे जल्द ठीक करने की कोशिश की जा रही है।
Source link
सीतामढ़ी सदर अस्पताल में ऑनलाइन पर्ची का सर्वर फेल:मरीज दिनभर इलाज के लिए भटकते रहे, रेबीज का इंजेक्शन भी नहीं लगा
