![]()
सुपौल के रतनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 में बुधवार देर शाम घर में बिजली की खराबी ठीक करने के दौरान करंट लगने से 35 वर्षीय निजी शिक्षक श्रवण कुमार सागर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में रिश्तेदार, ग्रामीण और शुभचिंतक राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंच गए। घर में बिजली ठीक करते समय लगा करंट परिजनों के अनुसार, श्रवण कुमार सागर निजी शिक्षक थे। बुधवार को उनके घर की छत ढलाई का काम पूरा हुआ था। इसके बाद वे घर में बिजली की खराबी ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले गए परिजन करंट लगने के बाद गंभीर हालत में परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. ललिता कुमारी ने जांच के बाद श्रवण कुमार सागर को मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ऑनलाइन क्लास को तैयार कर रहे थे सेटअप बताया गया कि श्रवण कुमार घर की छत ढलाई का काम पूरा होने के बाद वहां ऑनलाइन क्लासेज के लिए सेटअप तैयार करने की तैयारी में थे। बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई कराने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए वे घर की बिजली व्यवस्था ठीक कर रहे थे। इसी क्रम में यह दर्दनाक हादसा हो गया। 3 मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया श्रवण कुमार सागर अपने पीछे पत्नी सोनम कुमारी और तीन मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी योग्यता कुमारी करीब 6 वर्ष की है। वहीं आकांक्षा और अर्पिता जुड़वां बेटियां हैं, जो अभी काफी छोटी हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और तीनों बेटियों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में शोक, पुलिस जांच में जुटी घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। बुधवार देर शाम रतनपुर थाना अध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
सुपौल में करंट से प्राइवेट टीचर की मौत:छत ढलाई के बाद ऑनलाइन क्लास का सेटअप बना रहे थे,परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
