![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से सहरसा जिले की छह योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं की कुल लागत 929.074 करोड़ रुपये है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, ऊर्जा और आवास से जुड़ी इन योजनाओं का लाइव प्रसारण बनगांव थाना क्षेत्र के बसुदेवा गांव में एनएच-327ई पर किया गया। इस दौरान योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लाभार्थियों का गृह प्रवेश कराया गया। 768 करोड़ की बकौर-महिषी सड़क शुरू भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की 768 करोड़ रुपये की परियोजना का उद्घाटन किया गया। इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-527ए और एनएच-327 के बकौर-महिषी खंड (उमागांव-सहरसा, पैकेज-5) को पेव्ड शोल्डर के साथ दो लेन में उन्नत किया गया है। इस सड़क से सुपौल और सहरसा के बीच संपर्क बेहतर होगा। बाढ़ प्रभावित कोसी क्षेत्र में कृषि और व्यापार से जुड़े सामान की आवाजाही आसान होगी। इससे धार्मिक पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सांसद दिनेश चंद्र यादव ने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत बकौर से महिषी तक निर्माण कार्य चल रहा है। बकौर पुल समेत आगे का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। शनिवार को परियोजना का पूरा हो चुका हिस्सा शुरू किया गया है। 17,454 घरों तक पहुंचेगा स्वच्छ पानी नगर विकास एवं आवास विभाग की अमृत-2.0 योजना के तहत सहरसा जलापूर्ति योजना फेज-2 का 100.38 करोड़ रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया। इसके पूरा होने पर सहरसा नगर निगम के 17,454 घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से 24 घंटे स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की योजना है। इससे लोगों को नियमित पानी मिलेगा और जलजनित बीमारियों में कमी आने की उम्मीद है। 600 विद्यार्थियों के लिए बनेंगे छात्रावास विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत सहरसा सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में 46.24 करोड़ रुपये की लागत से बालक और बालिका छात्रावास बनाए जाएंगे। दोनों छात्रावास 300-300 बेड के होंगे और इनका निर्माण जी+5 भवन के रूप में किया जाएगा। इससे कुल 600 विद्यार्थियों को रहने की सुविधा मिलेगी। स्कूल भवन और आवास का उद्घाटन शिक्षा विभाग के तहत 1.884 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय भवनों का उद्घाटन किया गया। इससे 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को घर के नजदीक पढ़ाई का अवसर मिलेगा। खासकर छात्राओं के स्कूल छोड़ने की दर में कमी आने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 25 लाख रुपये की लागत से शहरी क्षेत्र के 10 गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया गया। दो बिजली परियोजनाएं भी जनता को समर्पित ऊर्जा विभाग की ओर से महिषी प्रखंड की बलुआहा पंचायत में 10 करोड़ रुपये की लागत से बने 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र का उद्घाटन किया गया। वहीं, सिमरी बख्तियारपुर में बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीटीसीएल) की ओर से 2.32 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन में बनाए गए दो फीडर बे भी शुरू किए गए। इन परियोजनाओं से बलुआहा, सिमरी बख्तियारपुर और आसपास के गांवों में बिजली वितरण व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। इससे लो-वोल्टेज और बिजली ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलेगी। फुलौत पुल और सिक्स लेन की थी उम्मीद कार्यक्रम के बाद सांसद दिनेश चंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री के बिहार आने से राज्य को लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि सहरसा जिले की छह योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। सांसद ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि उदाकिशुनगंज से बिहपुर के बीच फुलौत में लगभग तैयार पुल का भी उद्घाटन होगा। इसके अलावा पूर्णिया-पटना सिक्स लेन सड़क का शिलान्यास और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सहरसा, मधेपुरा व सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के नए भवनों का उद्घाटन होने की भी उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि किसी कारणवश ये परियोजनाएं इस बार कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री के अगले कार्यक्रम में इन योजनाओं को शामिल किया जाएगा।
Source link
सहरसा को 929 करोड़ की सौगात-768 करोड़ की सड़क शुरू:17 हजार घरों तक पहुंचेगा पानी, बनगांव के बसुदेवा में लाइव प्रसारण
