![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार की करीब 34 हजार करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम वैशाली जिले के जंदाहा-राजापाकर स्थित महुआ इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स में हुआ। नवादा जिले की 182.46 करोड़ रुपये की बिजली और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं का भी रिमोट से उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे। नवादा के रजौली प्रखंड के हरदिया डैम स्थित फुलवरिया जलाशय में 10 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाया गया है। करीब 30 एकड़ में बने इस प्लांट को बिहार का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर प्लांट बताया गया है। इससे हर साल करीब 1.66 करोड़ यूनिट बिजली बनेगी। सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ जलाशय में मछली पालन भी जारी रह सकेगा। जिले में पांच बिजली उपकेंद्रों का भी उद्घाटन किया गया। इनमें फरेदा, खराट मोड़, मझगांव, खानपुर और बस्तीबीघा शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी इलाकों में बिजली व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 12 फीडर सेग्रीगेशन, 19 फीडर बाइफरकेशन, 49 नए डीटीआर और 174 किलोमीटर केबलिंग का काम पूरा किया गया है। इन बिजली परियोजनाओं पर 176.97 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में मोरमा, नजरडीह और समरीगढ़ में उच्च माध्यमिक विद्यालयों के भवन बनकर तैयार हुए हैं। इन पर 5.49 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नवादा समाहरणालय के सभाकक्ष में किया गया। वहां जिलाधिकारी रवि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, विधायक विभा देवी और गोविंदपुर विधायक विनीत मेहता समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नवादा, हिसुआ और वारिसलीगंज नगर निकायों के 10 लाभार्थियों को गृह प्रवेश के लिए घर की चाबियां भी सौंपी गईं।
Source link
नवादा में 182.46 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण:पीएम मोदी ने किया वर्चुअल उद्घाटन, 10 लाभार्थियों को मिली घर की चाबी
