Headlines

सहरसा के 284 घाटों पर श्रद्धालुओं ने दिया अर्घ्य:भास्कर महोत्सव में कथक और छठ गीतों पर झूमे दर्शक




सहरसा में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ सोमवार की सुबह चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। इस अवसर पर जिले के 284 छठ घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भगवान सूर्य के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक व्रती और उनके परिजन सुबह होने से पहले ही पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे। सूप और दउरा में ठेकुआ, फल सहित अन्य प्रसाद सजाकर व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा किया। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य की पूजा के साथ पूरा हुआ। 284 घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जिले के सभी प्रमुख घाटों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारी लगातार घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्था की निगरानी करते रहे। संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरती गई, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि जिले में छठ महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे। भास्कर महोत्सव में कथक और छठ गीतों पर झूमे दर्शक शहर के सप्त पोखरी घाट पर जिला प्रशासन के निर्देश पर कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय भास्कर महोत्सव का भी सोमवार सुबह सात बजे समापन हो गया। महोत्सव के दूसरे दिन कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। भागलपुर की जिम्मी कुमारी ने अपनी कथक नृत्य प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं। वहीं, सहरसा की सात वर्षीय कृतिका झा मिष्टी ने छठ गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। खासकर ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरज देव…’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों पर उनकी प्रस्तुति को लोगों ने खूब सराहा। घाट पर मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। श्रद्धा और निष्ठा से की सूर्यदेव की आराधना गंगजला निवासी छठव्रती ममता कुमारी ने बताया कि शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय महापर्व सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। इस पर्व में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा से सूर्य भगवान की आराधना करते हैं। लोग अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उन्नति और शांति की कामना करते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना सूर्यदेव अवश्य स्वीकार करते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *