![]()
गया शहर में छठ की रौनक के बीच ट्रैफिक व्यवस्था की परीक्षा भी शुरू हो गई है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए शनिवार देर रात सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा तो डेल्हा तीन मुहान मोड़ पर पूरा ट्रैफिक सिस्टम लड़खड़ाने लगा। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। चारों तरफ से आ रहे वाहनों के कारण रास्ता ऐसा जाम हुआ कि लोगों के वाहनों के पहिये थम गए। इसी दौरान शहर के राउंड पर निकले एसएसपी सुशील कुमार की नजर जाम पर पड़ी। उन्होंने काफिला रुकवाया और सरकारी गाड़ी से उतरकर सीधे सड़क पर पहुंच गए। यही नहीं पुलिस कप्तान ने तीन मुहान के बीच खड़े होकर खुद ट्रैफिक की कमान संभाल ली। करीब आधे घंटे तक सड़क पर खड़े रहकर जवानों को निर्देश देते रहे। उनकी सक्रियता के बाद जाम खुला व वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। गाड़ी छोड़ सड़क पर उतरे पुलिस कप्तान शनिवार देर रात डेल्हा तीन मुहान पर जाम की स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। छठ को लेकर बाजारों और सड़कों पर पहले से ही चहल-पहल थी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की आवाजाही ने ट्रैफिक का दबाव और बढ़ा दिया था। तीन मुहान पर सभी दिशाओं से वाहन पहुंच रहे थे। लेकिन सड़क की सीमित चौड़ाई के कारण वाहन एक-दूसरे के सामने फंसते चले गए। इसी बीच एसएसपी सुशील कुमार का काफिला वहां पहुंचा। जाम देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और खुद नीचे उतर गए। उनके साथ चल रहे जवान भी तुरंत सड़क पर फैल गए। एसएसपी ने मौके पर खड़े होकर वाहनों को निकलवाना शुरू किया। किस तरफ से पहले वाहन निकलेंगे और किस ओर से ट्रैफिक रोका जाएगा, इसके लिए जवानों को लगातार निर्देश देते रहे। पुलिस कप्तान को खुद सड़क पर उतरकर कमान संभालते देख पुलिसकर्मियों में भी तेजी आ गई। जवानों ने अलग-अलग दिशाओं से वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालना शुरू किया। इसका असर कुछ ही देर में दिखने लगा। जाम में फंसे वाहनों के पहिये फिर घूमने लगे और धीरे-धीरे रास्ता साफ हो गया। आधे घंटे तक ग्राउंड जीरो पर रहे एसएसपी एसएसपी केवल जाम खुलवाकर आगे नहीं बढ़े। करीब आधे घंटे तक मौके पर डटे रहे। इस दौरान उन्होंने खुद ट्रैफिक की स्थिति को समझा। अचरज की बात इस बीच न तो उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी और न ही डेल्हा थाना पुलिस की टीम को मौके पर बुलाया। वह खुद जाम लगने के कारणों को देखा और सड़क पर वाहनों की आवाजाही में आ रही अड़चनों को परखा। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने भी उनकी सक्रियता देखी। सड़क पर पुलिस कप्तान को खुद ट्रैफिक संभालते देख लोग आपस में इसकी चर्चा करते रहे। तीन मुहान पर सड़क बन जाती है ‘बॉटल नेक’ दैनिक भास्कर से बातचीत में एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि डेल्हा तीन मुहान पर सभी दिशाओं से वाहनों का दबाव रहता है। यहां सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण एक जगह रास्ता बॉटल नेक बन जाता है। ऐसे में वाहनों की संख्या बढ़ते ही जाम लगने लगता है। खासकर पर्व-त्योहार के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती है। एसएसपी ने कहा कि केवल जाम खुलवाना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। इसके लिए रविवार को ट्रैफिक डीएसपी को विशेष निर्देश दिए जाएंगे। तीन मुहान पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए बेहतर विकल्प तलाशे जाएंगे। जरूरत के मुताबिक पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी। साथ ही दूसरे व्यावहारिक उपायों पर भी विचार कर ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी, ताकि पर्व के दौरान लोगों को बार-बार जाम में न फंसना पड़े। एसएसपी की लोगों से अपील, लेन तोड़ने और ओवरटेक से बचें एसएसपी ने वाहन चालकों से भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपनी लेन में चलें और जल्दबाजी में दूसरे वाहनों को ओवरटेक न करें। संकरी सड़कों पर आगे निकलने की होड़ ही जाम को गंभीर बना देती है। लेन में चलने से न केवल खुद को सहूलियत होगी, बल्कि सामने और पीछे से आने वाले वाहनों को भी रास्ता मिलेगा और समय की बचत होगी।
Source link
गयाजी- जाम हटाने के लिए खुद सड़क पर उतरे एसएसपी:आधे घंटे तक खुद संभाली कमान, तीन मुहानी शहर के लिए बना बॉटल नेक
