![]()
‘मेरे पति को किसने बुलाया पता होता तो उसे नहीं छोड़ती, खुद ही मार देती। वे तो पंजाब में नौकरी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें बुलाकर मारा है। मेरे पति अपराधी नहीं थे। उन्हें फंसाया गया है।’ पटना के मनेर में शुक्रवार सुबह हुए एनकाउंटर में मारे गए तीन अपराधियों में से एक जेपी यादव की पत्नी पूजा देवी बिलखते हुए ये बातें कहती हैं। भास्कर की टीम ने एनकाउंटर में मारे गए लोगों के परिजनों से बात की। पढ़िए रिपोर्ट…। कल आखिरी बार हुई थी पति से बात, कहा- वे लोग बुला रहे हैं दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में हमारी बात मृतकों के परिजनों से हुई। परिजनों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। जेपी यादव की पत्नी पूजा देवी ने आरोप लगाया, ‘मनेर, शाहपुर और दानापुर थाना की पुलिस और वार्ड कमिश्नर ने मेरे पति को मरवाया है। कल ही उनसे मेरी आखिरी बात हुई थी।’ मनेर पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड की ओर इशारा करते हुए पूजा बोलीं, ‘क्या सबूत है कि वो किसी घटना में शामिल थे।’ जेपी यादव की मां सीता देवी ने आरोप लगाया, ‘धीरज मुखिया ने मेरे बेटे को मरवाया है। मेरा बेटा कोई क्रिमिनल नहीं था। वह तो गरीब का रक्षक था। सबका भला करता था।’ उन्होंने कहा, रात 2 बजे मेरी बात जेपी से हुई थी। वह 15 दिन पहले ही पंजाब गया था। फोन पर बोला कि माई ससुर की तबीयत खराब हो गई है। उन्हें देखने आ रहे हैं। रास्ते में ही दुश्मन लग गए। पुलिस वाले उसे पकड़कर ले गए और मरवा दिया। जेपी यादव के भाई ने धीरज पर लगाया हत्या कराने का आरोप जेपी यादव के भाई रामाशीष यादव ने कहा, ‘गुरुवार रात 11बजे भाई से बात हुई थी। बताया था कि ससुर की तबीयत खराब है, उनसे भेंट करने जा रहा हूं। कुछ दिन पहले धीरज यादव के भतीजे से झंझट हुआ था। धीरज ने मेरे भाई का नाम केस में डलवा दिया। मेरा भाई पंजाब चला गया था। धीरज यादव ने मेरे भाई को मरवाया है।’ ग्रामीणों ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल गांव के कुछ लोगों ने पुलिस पर मर्डर करवाने का आरोप लगाया। संजय कुमार ने कहा, ‘पुलिस कुछ भी झूठ बोल सकती है। एनकाउंटर किया है तो झूठ बोलेगी ही। आप कोर्ट और जज नहीं हैं। अगर अपराधी था तो पैर में गोली मारते।’ दूसरे युवक विश्वजीत ऋषि ने भी एनकाउंटर पर सवाल उठाया। कहा कि प्रशासन ने गलत तरीके से एनकाउंटर किया है। बबलू यादव और जेपी यादव के खिलाफ कोई क्राइम रिकॉर्ड नहीं है। बचपन से जानती हूं, मेरा भाई अपराधी नहीं था हमारी बात राजा शर्मा की बड़ी बहन जूही ने हुई। आंखों से बहते आंसू पोंछते हुई बोलीं, ‘जैसे ही मुझे पता चला भागकर यहां आई। मैं अपने भाई को बचपन से जानती हूं। वह अपराधी नहीं था।’ राजा के बहनोई मिट्ठू ने कहा, ‘पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर किया है। पुलिस ने उसे नहीं मारा है। पुलिस वहां बस खड़ी थी, लेकिन जिससे दुश्मनी थी उसने पुलिस के सामने मारा है। पुलिस की मिलीभगत से उसके दुश्मनों ने उसे मारा है। राजा पिछले 6 दिन से बाहर था। वह कैब ड्राइवर का काम करता था।’ मनेर में हुए एनकाउंटर में मारे गए तीनों शुक्रवार सुबह पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। करीब 20 मिनट चले एनकाउंटर में 40 राउंड गोलियां चलीं। अपराधियों ने पुलिस पर 24 राउंड फायरिंग की, जवाब में पुलिस की ओर से 18 राउंड गोलियां चलाई गईं। फायरिंग में राजा शर्मा, बबलू कुमार यादव और जेपी यादव घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले तीनों की मौत हो गई। एनकाउंटर पर पुलिस ने क्या कहा? पुलिस के मुताबिक, तीनों अपराधी मनेर थाना कांड संख्या 1042/26 में वांटेड थे। यह मामला 18 अक्टूबर को ब्यापुर में हुई गोलीबारी से जुड़ा है। इस घटना में पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भोलू की मौत हुई थी। पटना SSP कार्तिकेय कुमार शर्मा ने बताया, ‘क्राइम प्रिवेंशन के तौर पर पुलिस की ऑपरेशन की तैयारी चल रही थी। इसी क्रम में एसटीएफ और जिला बल की टीम की अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त चल रही थी।’ ‘इसी दौरान जानकारी मिली कि यहां कुछ अपराधी आए हैं, जिनका आपराधिक इतिहास था और वे शेरपुर में कोई बड़ी घटना करने जा रहे हैं। जब पुलिस की टीम पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग कर दी। एसएचओ मनेर और उनकी टीम ने जवाबी कार्रवाई की।’ SSP ने बताया, ‘फायरिंग के बाद पुलिस इनके करीब पहुंची तो देखा कि तीन लोग घायल पड़े हुए हैं। तीनों को अस्पताल भेजा गया, जहां पर बताया गया कि उनकी मौत हो गई है। तीनों अपराधी थे। इनके पास से हथियार भी बरामद हुए और इनका पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है। जेपी और बबूल यादव के खिलाफ अलग-अलग थानों में दर्ज हैं केस जेपी यादव के खिलाफ दानापुर, खगौल, फतुहा, राजीव नगर और मनेर थाना में 9 मामले दर्ज हैं। इसमें 4 हत्या, 2 हत्या के प्रयास और 7 केस आर्म्स एक्ट के हैं।
जेपी यादव और बबलू यादव दानापुर के लालकोठी और मनेर के रहने वाले थे। बबूल यादव पर दानापुर और मनेर थाना में 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें एक आर्म्स एक्ट का केस है। गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव किया, पुलिस के साथ हाथापाई भी हुई मारे गए आरोपियों के परिजन ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए दानापुर अनुमंडल अस्पताल में करीब 5 घंटे हंगामा किया। लोगों ने पुलिस के साथ हाथापाई की, पथराव किया और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।
लोगों का गुस्सा एंबुलेंस पर भी फूटा है। पत्थर मारकर एंबुलेंस का शीशा तोड़ दिया गया। मौके पर चार थानों की 100 से ज्यादा पुलिस के जवान मौजूद थे। इसके बाद भी हालात को काबू में करना मुश्किल हो रहा था। लोग पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ।
Source link
