![]()
आज शुक्रवार को धनतेरस हस्त नक्षत्र और वैधृति योग के सुयोग में मनाया जाएगा। धन त्रयोदशी की तिथि सुबह 11:06 बजे से पूरे दिन होने का कारण पूजा-पाठ, निवेश और खरीदारी दिनभर चलेगी। ऐश्वर्य, धन, आरोग्य, सौभाग्य, सुख में वृद्धि के लिए लक्ष्मी-गणेश के साथ धन्वंतरि भगवान की पूजा होगी। धनतेरस के दिन बर्तन, सोना, चांदी, झाड़ू खरीदने की परंपरा है। इस बार खरीदारी का दायरा केवल सोने-चांदी के आभूषण और पारंपरिक सामान तक सीमित नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और स्मार्ट गैजेट्स की दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है। इलेक्ट्रॉनिक बाजार में AI से लैस उपकरण लोगों की खास पसंद बन रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ ऑटो सेक्टर में SUV-बाइक डिलीवरी की तैयारी जोरों से चल रही है। झाड़ू खरीदने से दरिद्रता दूर होती है ज्योतिषाचार्य राकेश झा ने बताया कि धनतेरस पर आज शुक्रवार को हस्त नक्षत्र, अमृत सिद्धि योग, प्रीति योग का उत्तम संयोग बन रहा है। आज लक्ष्मी पूजा के साथ खरीदारी करने के लिए यह योग मंगलकारी सिद्ध होगा। आज पूरे दिन खरीदारी का महामुहूर्त है। धनतेरस पर झाड़ू खरीदने से दरिद्रता दूर होती और समृद्धि का वास होता है। धनतेरस धन-आरोग्य की चमक का दिन है। इस दिन पीतल, चांदी, सोना आदि धातु खरीदें। हल्दी, पीली वस्तु का दान और दीपदान से गुरु का बल बढ़ता है। लक्ष्मी पूजन, धातु का क्रय शुक्र ग्रह को सक्रिय करने में सहायक सिद्ध होता है। इन दोनों ग्रहों को साधने से धन वृद्धि, आरोग्य सुरक्षा और समृद्धि का शुभारंभ होता है। एआई वाले इलेक्ट्रॉनिक्स की डिमांड धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में एआई से लैस उपकरणों की मांग चर्चा में है। स्मार्ट टीवी, नई तकनीक वाली वॉशिंग मशीन और स्मार्ट रेफ्रिजरेटर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। टीवी खरीदने वाले ग्राहक अब केवल स्क्रीन का आकार और तस्वीर की गुणवत्ता नहीं पूछ रहे, बल्कि कमरे की रोशनी के अनुसार ब्राइटनेस बदलने वाले एआई फीचर, वॉयस कंट्रोल, इंटरनेट कनेक्टिविटी और कंटेंट के अनुसार पिक्चर सेटिंग जैसी सुविधाओं की जानकारी भी ले रहे हैं। 65 से 85 इंच तक के 4K टीवी की मांग वहीं, बड़े स्क्रीन वाले 4K स्मार्ट एलईडी टीवी की मांग बढ़ी है। 65 से 85 इंच तक के टीवी ग्राहक पसंद कर रहे हैं। वहीं, कई परिवार पुराने टीवी को बदलकर स्मार्ट टीवी लेने की तैयारी में हैं। वॉशिंग मशीन में नए फीचर ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। कई मॉडल पानी और धुलाई के समय को लोड के हिसाब से एडजस्ट करने की सुविधा दे रहे हैं। फ्रिज की खरीदारी में भी ज्यादा स्टोरेज अब प्राथमिकता नहीं है। ग्राहक डिजाइन, बिजली की खपत, कूलिंग तकनीक और तापमान नियंत्रण जैसे फीचर देख रहे हैं। डबल डोर और साइड-बाय-साइड मॉडल के साथ आकर्षक फिनिश वाले फ्रिज की मांग बनी हुई है। सर्राफा बाजार में सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां धनतेरस पर पटना के सर्राफा बाजार में भी खरीदारी को लेकर उत्साह है। सोने-चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ हल्के वजन के आभूषणों की मांग है। डाकबंगला, बोरिंग रोड, फ्रेजर रोड और बाकरगंज के सर्राफा बाजारों में दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। सोने की ऊंची कीमतों के बीच मध्यमवर्गीय परिवार शगुन के लिए छोटे वजन के सिक्कों को प्राथमिकता दे रहे हैं। नवंबर-दिसंबर के शादी सीजन को देखते हुए भारी ज्वेलरी की प्री-बुकिंग भी हो रही है। ऑटो बाजार में एसयूवी और दोपहिया की मांग धनतेरस पर ऑटोमोबाइल बाजार में भी डिलीवरी को लेकर तैयारियां तेज हैं। कारों में मिड और प्रीमियम एसयूवी की मांग बताई जा रही है। दोपहिया वाहनों में हीरो, होंडा, टीवीएस, रॉयल एनफील्ड और स्कूटर ग्राहकों की पसंद में हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ी है। हालांकि, कुछ मॉडल में 2 से 3 महीने की वेटिंग और सप्लाई की कमी के कारण धनतेरस की कुल बुकिंग में ईवी की हिस्सेदारी सीमित रहने की संभावना है। स्मार्टवॉच से ईयरबड्स की मांग मोबाइल और बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ स्मार्टवॉच, वायरलेस ईयरबड्स और हेडफोन की बिक्री भी बढ़ी है। ग्राहक इन गैजेट्स को अपने इस्तेमाल के साथ दीपावली गिफ्ट के रूप में भी खरीद रहे हैं। कुछ ब्रांडेड मॉडल पर ऑफर और छूट भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।
Source link
धनतेरस पर आज दिनभर खरीदारी का शुभ मुहूर्त:ऑटो सेक्टर में SUV-बाइक डिलीवरी की तैयारी, AI से लैस गैजेट्स की भी डिमांड
