![]()
मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में घाटों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रहे काम और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। वार्ड 39 और 14 के घाटों का लिया जायजा निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पानी टंकी के पास वार्ड नंबर 39 और रोईन क्लब के पास वार्ड नंबर 14 स्थित छठ घाटों की तैयारियां देखीं। उनके साथ नगर आयुक्त आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा और सदर एसडीओ अरुण कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाटों की सफाई, पहुंच पथ, पानी की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा की। डीएम ने सभी घाटों की सफाई जल्द पूरी कराने और पर्याप्त बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया। मोतीझील समेत प्रमुख घाटों से हटेगा कचरा डीएम ने मोतीझील सहित शहर के प्रमुख घाटों से कचरा हटाने और वहां रंग-रोगन कराने को कहा। उन्होंने छठ पर्व से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो। गहरे पानी वाले स्थानों पर लगेंगे लाल झंडे निरीक्षण के दौरान पानी की गहराई को देखते हुए खतरनाक और गहरे स्थानों की पहचान करने पर जोर दिया गया। ऐसे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग करने और लाल झंडे लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की ओर न जाएं। जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से शहर के छोटे-बड़े सभी छठ घाटों को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि छठ के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
Source link
DM-SP ने छठ घाटों का इंस्पेक्शन किया:मोतीझील समेत प्रमुख घाटों की सफाई और रंग-रोगन जल्द पूरा करने का निर्देश
