![]()
खगड़िया में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में संचालित शैक्षणिक योजनाओं, विद्यालयों की स्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। डिजिटल लर्निंग और फिल्मों-कहानियों से पढ़ेंगे बच्चे बैठक में डीएम विक्रम विरकर ने शिक्षा मंत्री को जिले की विशेष पहल ‘पढ़तै खगड़िया’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करना और उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार लाना है। इसके तहत डिजिटल लर्निंग, पढ़ाई मित्र और अन्य नवाचारी माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बच्चों को फिल्म और कहानियों के जरिए रोचक अंदाज में पढ़ाने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे सहजता से नई चीजें सीख सकें। डीएम ने बताया कि विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों की शिक्षण क्षमता बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए ‘डिजिटल टीचर्स’ के माध्यम से शिक्षकों के पढ़ाने के तरीके और गुणवत्ता में सुधार का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ बच्चों तक पहुंचाकर उनकी शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित की जा रही है। गरीब परिवारों के मेधावी बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार बैठक में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा हुई। डीएम ने बताया कि ऐसे मेधावी बच्चों की पहचान की जा रही है, जिनमें आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ने की क्षमता है। चयनित विद्यार्थियों की पढ़ाई का पूरा खर्च बिहार सरकार की ओर से वहन किए जाने की व्यवस्था है। इससे गरीब, मजदूर और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को भी बेहतर संस्थानों में पढ़ने का अवसर मिल सकेगा। बाढ़ से क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों की होगी मरम्मत समीक्षा के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि खगड़िया में शिक्षा व्यवस्था बेहतर है और इसे आने वाले दिनों में और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने डीएम विक्रम विरकर के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ विद्यालयों में जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुए विद्यालय भवनों की जरूरत के अनुसार मरम्मत और पुनर्स्थापन कराने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। साथ ही विभागीय अधिकारियों को शिक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने, विद्यालयों में पढ़ाई का बेहतर माहौल बनाने और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने को कहा। बैठक में डीएम विक्रम विरकर सहित शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
खगड़िया में ‘पढ़तै खगड़िया’ मॉडल से बच्चों को पढ़ाया:शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की रिव्यु; डिजिटल लर्निंग, फिल्म और कहानियों से पढ़ाई की पहल
