.
आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। अनंत सिंह ने कहा कि दुलारचंद हत्याकांड में मेरा कोई हाथ नहीं है। पत्रकार अंजना ओम कश्यप और खान ग्लोबल स्टडी के डायरेक्टर फैसल खान उर्फ खान सर के बीच चल रहा मानहानि का केस आपसी सहमति से खत्म हो गया है। नालंदा के हरनौत में मंगलवार की देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाइयों समेत तीन लड़कों की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. ‘मैं खाने गया था, दुलारचंद ने शुरू की थी लड़ाई’
विधानसभा चुनाव के दौरान दुलारचंद हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर को सरेंडर करने का आदेश दिया है। दुलारचंद हत्याकांड पर अनंत सिंह ने कई नई बातें कहीं हैं। इसके साथ ही अनंत सिंह ने जदयू एमएलसी नीरज कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार STF के डीजी कुंदन कृष्णन के बारे में कई बातें कही हैं। मोकामा विधानसभा क्षेत्र के तारतड़ गांव में दुलारचंद यादव का घर है। वहां से खाना खाने के बाद वह अपने समर्थकों और काफिले के साथ निकले थे। उस समय कई लोग और गाड़ियां साथ थीं। कुछ गाड़ियां आगे निकल गई थीं, जबकि कुछ पीछे रह गई थीं। पूरी खबर पढ़ें

2. आपसी सहमति से खत्म हुआ मानहानि केस
पत्रकार अंजना ओम कश्यप और खान ग्लोबल स्टडी के डायरेक्टर फैसल खान उर्फ खान सर के बीच चल रहा मानहानि का केस आपसी सहमति से खत्म हो गया है। दोनों पक्षों ने बातचीत के जरिए विवाद सुलझा लिया है। बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान इसकी जानकारी दी गई। इधर, खान सर के विरोधी रौशन आनंद ने मोकामा विधायक अनंत सिंह के अंदाज में फैसल खान पर हमला बोला है। रौशन आनंद ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में खान सर से जान का खतरा बताया है। पूरी खबर पढ़ें
3. राहुल गांधी को बांग्लादेश भेज देंगे: हिमंत बिस्वा सरमा
बीजेपी इन दिनों ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा कर रही है। बिहार के पूर्णिया में बुधवार को पदयात्रा निकाली गई, जिसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा शामिल हुए। हिमंत ने राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आप वोट चोरी का आरोप लगाते रहिए, भाजपा देश की जनता का दिल चुराती रहेगी। मैं तो चुनाव आयोग से कहूंगा कि दोबारा SIR कीजिए और वोटर लिस्ट से चुन-चुनकर बाबर-औरंगजेब का नाम काटिए। पूरी खबर पढ़ें
4. सड़क हादसे में 2 भाई समेत 3 की मौत
नालंदा के हरनौत में मंगलवार की देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाइयों समेत तीन लड़कों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। दोनों को सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया है। बताया जा रहा है कि पांचों लड़के आपस में दोस्त थे। देर रात पांचों एक ही बाइक से बाजार में घूमने निकले थे। कुत्ते के सामने आने पर बाइक का बैलेंस बिगड़ा, जिसके बाद गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। मृतकों में शामिल दोनों भाई नाबालिग थे। पूरी खबर पढ़ें

5. पथ निर्माण के इंजीनियर के घर 10 लाख कैश मिले
आय से अधिक संपत्ति के मामले में पथ निर्माण विभाग के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर विजय कुमार 4 ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई(एसवीयू) ने दबिश दी । बुधवार को सहरसा, औरंगाबाद, पटना के ठिकानों पर टीम छापेमारी की। विजय कुमार सहरसा में पोस्टेड हैं। इनके सहरसा स्थित कार्यालय और आवास के अलावा पटना के दानापुर स्थित गोला रोड और महेश नगर में भी एसवीयू की टीम तलाशी ली। पटना में रेड के दौरान 10 लाख कैश मिला है। पूरी खबर पढ़ें
6. मां-बेटे की हत्या, हिरासत में बड़ा बेटा-बहू
भोजपुर में डबल मर्डर हुआ है। जिले के जगदीशपुर में मंगलवार देर रात मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या की गई है। पुलिस को संपत्ति विवाद में वारदात को अंजाम देने का शक है। मृतका के बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर मिली महिला की लाश की गर्दन कटी है, जबकि उसके बेटे की बॉडी पर चाकुओं से वार के 10 से ज्यादा गहरे निशान मिले हैं। हत्या में यूज धारदार हथियार और खून लगी दो हथौड़ी बरामद की गई है। घटना की सूचना के बाद जगदीशपुर डीएसपी रवि कुमार और थानाध्यक्ष आशीष कुमार साह मौके पर पहुंचे और मां-बेटे की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पूरी खबर पढ़ें
7. बिना काम पूरे हुए प्रोजेक्ट का उद्घाटन
बेगूसराय में सीवर लाइन और एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण के नाम पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। 230 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट पर 250 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया गया। इसके अलावा, बिना सीवर योजना के धरातल पर उतरे ही, दो-दो बार समय विस्तार के बाद 2025 में इसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री से करवा दिया गया। ये जानकारी बेगूसराय के भाजपा नेता और वकील अमरेन्द्र कुमार अमर की ओर से बुडको (Building Construction Corporation Ltd.) से आरटीआई (सूचना का अधिकार) के तहत मांगे गए जवाबों के जरिए सामने आई है। पूरी खबर पढ़ें
8. पति से प्रताड़ित होकर पत्नी ने की आत्महत्या
पटना के बाढ़ में विवाहिता की लाश मिली। मायके वाले कहते हैं उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। पति राकेश उसको प्रताड़ित किया करता था। उसके साथ मारपीट करता था। मृतका पूनम देवी (35) की मौत के बाद पति और अन्य ससुराल वाले फरार हो गए। बेटी गुड़िया ने अपने नाना-नानी को फोन कर मां की मौत की जानकारी दी। इसके बाद मायके वाले नालंदा से बाढ़ पहुंचे। मायके पक्ष से मृतका की मां, भाई और पिता आए थे। घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के दलिसमन चक गांव में मंगलवार को हुई थी। पूरी खबर पढ़ें

9. डेटिंग वेबसाइट पर इंजीनियर को प्यार, डेढ़ करोड़ गवाएं
डेटिंग वेबसाइट पर बातचीत, दोस्ती, फिर प्यार और शादी का झांसा देकर एक इंजीनियर से एक महीने में डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठग लड़की और पीड़ित इंजीनियर के बीच करीब तीन महीने पहले बातचीत शुरू हुई थी। आरोप है कि पिछले एक महीने में लड़की ने 30 अलग-अलग बैंक अकाउंट में 60 से 65 बार में डेढ़ करोड़ रुपए मंगवाए। बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवादा गांव के रहने वाले इंजीनियर दीपक झा को ठगी का एहसास उस वक्त हुआ, जब उसे पैसों की जरूरत हुई और उसने लड़की से कुछ पैसे वापस मांगे। लड़की ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तब इंजीनियर को ठगी की जानकारी हुई। पूरी खबर पढ़ें
10. मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। गुरुवार को दिन में गर्मी महसूस होगी, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास होगा। अगले एक हफ्ते तक ठंड बढ़ने की संभावना नहीं है।
