![]()
मधेपुरा के आलमनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित गीता नारायण अस्पताल में बुधवार को हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने भर्ती हुए मरीज की मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि ऑपरेशन के दौरान मरीज के पेट में चीरा लगाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक पूर्णिया जिले के बरहरा कोठी का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे हाइड्रोसील के ऑपरेशन के लिए गीता नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने लापरवाही बरती और मरीज के पेट में चीरा लगा दिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और अंत में उसकी मौत हो गई। देखें, मौके से आई तस्वीरें… मौत के बाद अस्पताल में तोड़फोड़ मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजन और उनके साथ आए लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा और तोड़फोड़ की। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर मौके से फरार हो गए। इस दौरान अस्पताल में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और एसडीएम ने संभाला मोर्चा हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। उदाकिशुनगंज के एसडीएम पंकज घोष भी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और इलाज की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Source link
मधेपुरा में हाइड्रोसील ऑपरेशन के लिए भर्ती मरीज की मौत:परिजनों ने अस्पताल में की तोड़फोड़, डॉक्टर और संचालक फरार
