Headlines

मधुबनी में CM का आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने पर FIR:सोशल मीडिया पर किया था वायरल, जांच में जुटी पुलिस




मधुबनी में सोशल मीडिया पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की छवि और प्रतिष्ठा को धूमिल करने के कथित प्रयास के मामले में मधुबनी साइबर थाना पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक आपत्तिजनक फोटो और वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में साइबर थाना, मधुबनी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की पहचान कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 10:13 बजे CCSU Social Media, पटना के मोबाइल से मधुबनी साइबर थाना के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक आपत्तिजनक फोटो और वीडियो क्लिप भेजी गई थी। वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का चरणस्पर्श करते हुए दिखाया गया था। इसके बाद साइबर थाना की तकनीकी टीम ने प्राप्त फोटो और वीडियो क्लिप की बारीकी से जांच एवं सत्यापन किया। जांच के दौरान सामने आया कि उक्त फोटो और वीडियो क्लिप को इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रसारित किया गया था। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संबंधित इंस्टाग्राम प्रोफाइल की पहचान ‘Ripu Yaduvanshi’ के नाम से संचालित आईडी के रूप में की गई। पुलिस अब इस आईडी के वास्तविक संचालक और इसके माध्यम से सामग्री प्रसारित करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इस मामले की पुष्टि शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे मधुबनी साइबर डीएसपी नवीन कुमार ने की। उन्होंने बताया कि भ्रामक एवं कथित रूप से मनगढ़ंत फोटो और वीडियो क्लिप के माध्यम से मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा एवं राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि इस संबंध में साइबर थाना, मधुबनी कांड संख्या 41/26, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 356 एवं 351(2) तथा आईटी एक्ट 2000 की धारा 66(C) और 66(D) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *