Headlines

अचानक ट्रक के सामने आने से ई-रिक्शा पलटा:जमुई-खैरा मुख्य मार्ग पर इंदपे के पास हादसे में चालक घायल, स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल पहुंचाया




जमुई-खैरा मुख्य मार्ग पर इंदपे के पास शनिवार को ट्रक द्वारा चकमा दिए जाने से तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर सुमन झा की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
घायल चालक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के रायपुरा गांव निवासी किशोर साव के पुत्र सागर साव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सागर साव शनिवार को ई-रिक्शा लेकर जमुई से खैरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह इंदपे के पास पहुंचा, सामने से तेज गति में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने ई-रिक्शा को चकमा दे दिया। अचानक ट्रक सामने आने के कारण चालक अपना संतुलन खो बैठा और ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल चालक को ई-रिक्शा से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई।
सदर अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायल चालक का प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल डॉक्टर सुमन झा की निगरानी में उसका इलाज जारी है। इलाज कर रहे चिकित्सकों के अनुसार घायल सागर साव की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद अज्ञात ट्रक चालक मौके से निकल गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *