- Hindi News
- National
- West Bengal Rape Murder Accused Killed In Police Encounter | Gaighata News
15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में 17 साल की छात्रा से रेप और हत्या के आरोपी 23 साल के युवक की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। सोमवार रात गायघाटा में क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।
बंगाल में तीन महीने के भीतर यह दूसरी घटना है, जब क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस की बंदूक छीनकर फायरिंग करने वाले रेप और हत्या के आरोपी की गोली लगने से मौत हुई है। इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में भी ऐसी घटना हुई थी।

एनकाउंटर में मारे गए आरोपी युवक की तस्वीर।
अस्पताल में आरोपी को मृत घोषित किया
पुलिस के मुताबिक, गोली लगने के बाद आरोपी को चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने रिवॉल्वर कैसे छीनी और फायरिंग तक घटनाक्रम कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा सकती है।
फायरिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने पास की नहर में छिपकर बचाव किया। इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। आरोपी के परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। इलाके में सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
संगीत कार्यक्रम में गई थी छात्रा, अगली सुबह शव मिला
पुलिस के मुताबिक, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा शनिवार रात अपने घर के पास एक संगीत कार्यक्रम में गई थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसे फोन आने के बाद वह कार्यक्रम से चली गई, लेकिन रात में घर नहीं लौटी।
रविवार सुबह उसका शव गायघाटा इलाके में एक पड़ोसी के घर के बाहर मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी युवक को गिरफ्तार किया था।
जुलाई में 11 साल की बच्ची से रेप और हत्या हुई थी
जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची से रेप और हत्या के मामले के मुख्य आरोपी की भी पुलिस एनकाउंटर में मौत हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान उसने एक पुलिस अधिकारी की रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी थी।

