![]()
नवादा के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। 28 अक्टूबर 2026 को एकदिवसीय रोजगार कैंप का आयोजन किया जाएगा।
.
इस कैंप के माध्यम से निजी क्षेत्र की कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसकी जानकारी जिला नियोजन पदाधिकारी सुनील कुमार सुमन ने दी है।
सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा कैंप
जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार, रोजगार कैंप का आयोजन संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आईटीआई), नवादा के परिसर में किया जाएगा।
कैंप सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें रिषभ ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड, नवादा की ओर से महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सेल्स एग्जीक्यूटिव के कुल 15 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का स्नातक होना अनिवार्य है। वहीं, अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
12 हजार रुपए प्रतिमाह मिलेगा वेतन
इस रोजगार कैंप में चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 12 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त इंसेंटिव, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा निगम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल नवादा होगा। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए बाइक होना अनिवार्य रखा गया है।
रोजगार कैंप में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, पहचान पत्र की छायाप्रति, रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा।
अभ्यर्थियों से अवसर का लाभ उठाने की अपील
कैंप में भाग लेने के लिए रोजगार सेतु पोर्टल, बिहार और नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे संबंधित पोर्टल पर स्वयं या जिला नियोजनालय, नवादा के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
जिला नियोजनालय ने इच्छुक योग्य अभ्यर्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियोजन निजी क्षेत्र की कंपनी के माध्यम से किया जाएगा।
भर्ती एवं नियोजन से संबंधित शर्तों के लिए कंपनी स्वयं जिम्मेदार होगी, जबकि जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता के रूप में रहेगी।
