1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग मामले में उनकी टीम का स्पष्टीकरण सामने आया है। टाइगर श्रॉफ के प्रवक्ता ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि अभिनेता ने मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सदमे में होने का बयान दिया है।
प्रवक्ता ने कहा कि टाइगर ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वहीं, मामले की जांच कर रही पुलिस ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया है।

18 अक्टूबर को मुंबई में हुई फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ घायल हो गए थे।
क्राइम ब्रांच को बयान देने की खबरों का खंडन
एनडीटीवी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया था कि टाइगर श्रॉफ ने क्राइम ब्रांच से बातचीत में कहा था कि वे गहरे सदमे में हैं और उनके ऊपर ऐसा जानलेवा हमला कौन और क्यों करना चाहेगा।
हालांकि, संपर्क करने पर टाइगर श्रॉफ के प्रवक्ता ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया। प्रवक्ता ने कहा कि यह खबर पूरी तरह से झूठ है। टाइगर ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही इस तरह की कोई बात हुई है।
फर्जी AI वीडियो और अफवाहों से बचने की अपील
इससे पहले टीम ने सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी दावों, AI से बने वीडियो और मनगढ़ंत कहानियों से बचने की अपील की। उसने लोगों से सिर्फ टाइगर और उनकी आधिकारिक टीम की जानकारी पर भरोसा करने को कहा। टीम ने कहा कि फर्जी खबरें और AI से बना कंटेंट फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने कहा, “हम ऐसे कंटेंट का समर्थन नहीं करते और न ही इससे हमारा कोई संबंध है। मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पेजों को जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।
“किसी भी जानकारी को पब्लिश करने से पहले उसकी पुष्टि करनी चाहिए। एंगेजमेंट या आर्थिक फायदे के लिए गलत जानकारी बनाने या फैलाने से बचना चाहिए।”

सोशल मीडिया पर कई पेज AI वीडियो डाल रहे हैं। एक वीडियो में टाइगर और सलमान को साथ दिखाया गया।
18 अक्टूबर को जुहू में हुई थी टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग
18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फुटबॉल ग्राउंड के बाहर निकलते हुए फायरिंग हो गई। दो हमलावरों ने 5-7 राउंड फायरिंग की। टाइगर जख्मी हुए, जबकि उनके ड्राइवर को गोली लगी। ड्राइवर के जख्मी होने पर टाइगर श्रॉफ ड्राइविंग सीट पर आए और सीधे अस्पताल पहुंचे।

राजस्थान, यूपी और हरियाणा से पकड़े गए 10 संदिग्ध
मामले की जांच में जुटी मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से अब तक 10 संदिग्धों को पकड़ा है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की कड़ी जोड़ रही है।

ये खबर भी पढ़ें टाइगर फायरिंग- हैंडलर ने टीवी देखकर शूटर्स को मैसेज किया:तुम्हारे चेहरे दिखे, निकलो; दावा- सलमान की तारीफ से लॉरेंस गैंग टाइगर से नाराज

मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले शूटर्स को वारदात के बाद भी बाहर से मदद मिल रही थी। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक एक व्यक्ति टीवी न्यूज देखकर उन्हें पुलिस की जांच के अपडेट दे रहा था। पूरी खबर पढ़ें

