![]()
औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र में दो साल पुरानी रंजिश के कारण मुमताज (40) की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से मृतक का मोबाइल, मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। शनिवार को दाउदनगर पुलिस अनुमंडल कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ चंद्रभूषण ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में दुर्गा पूजा के दौरान रफीगंज थाना क्षेत्र के ओरवां गांव निवासी रामपुकार यादव के बेटे की हत्या कर दी गई थी। रामपुकार को शक था कि उसके बेटे की हत्या गांव के ही मुमताज ने की थी। इसी घटना को लेकर उसके मन में प्रतिशोध की भावना थी। आरोप है कि इसी रंजिश में रामपुकार यादव ने पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर 17 अक्टूबर 2026 को मुमताज की हत्या कर दी और शव को गोह थाना क्षेत्र के अल्हन परासी गांव के पास फेंक दिया।घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। करीब सात दिनों के भीतर पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का उद्भेदन करने का दावा किया है। गुमशुदगी की प्राथमिकी के बाद मिला शव, एसआईटी ने शुरू की जांच प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ ने बताया कि 19 अक्टूबर को मुमताज की गुमशुदगी के संबंध में गोह थाना कांड संख्या 292/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मुमताज मूल रूप से रफीगंज थाना क्षेत्र के ओरवां गांव का निवासी था और वर्तमान में गोह थाना क्षेत्र के एरिया नगर स्थित कॉलोनी में रह रहा था। इसी बीच 21 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि अल्हन परासी गांव के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव की पहचान मुमताज के रूप में की गई। इसके बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेजा गया। हत्या की पुष्टि होने के बाद गुमशुदगी के मामले में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दाउदनगर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर एक आरोपित की पहचान हुई। पूछताछ में अन्य साथियों के नाम सामने आए, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। छह आरोपित गिरफ्तार, मोबाइल, बाइक और कार बरामद गिरफ्तार आरोपितों में गोह थाना क्षेत्र के फाग गांव निवासी लवकुश कुमार, रामपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार और अर्जुन कुमार, रफीगंज थाना क्षेत्र के ओरवां गांव निवासी रामपुकार यादव और साहब सिंह तथा गोह थाना क्षेत्र के नेयामतपुर गांव निवासी योगेश यादव शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर मुमताज का मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, रामपुकार यादव ने अपने बेटे की वर्ष 2023 में हुई हत्या का बदला लेने की बात कही है। हालांकि, पुराने हत्याकांड में मुमताज की कथित भूमिका और वर्तमान मामले से जुड़े आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में साक्ष्यों के आधार पर होगी। एसडीपीओ चंद्रभूषण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर की गई कार्रवाई को पुलिस ने हत्याकांड के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
Source link
औरंगाबाद- दो साल पुरानी रंजिश में हत्या का लिया बदला:पिता ने बेटे के मर्डर के आरोपी को मारा, 17 को मिली थी लाश; मुख्य आरोपी समेत 6 गिरफ्तार
