Headlines

गया सर्किट हाउस में AC ब्लास्ट से लगी आग:बगल के कमरे में ठहरे थे विदेश मंत्रालय के अधिकारी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार भी थे मौजूद




गया जी के सर्किट हाउस की नई बिल्डिंग के कमरा नंबर 3 में बुधवार को AC फटने से आग लग गई। इस दौरान बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार भी वहीं मौजूद थे। खास बात यह रही कि जिस कमरे में आग लगी, उसके ठीक बगल के कमरा नंबर 2 में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ ठहरे हुए थे। उन्हें पहले कमरा नंबर 3 दिया गया था, लेकिन साफ-सफाई ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने वह कमरा लेने से मना कर दिया था। इसके बाद उन्होंने कमरा नंबर 2 लिया। इस तरह वह हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही सर्किट हाउस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग और पुलिस को जानकारी दी। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने आग पर काबू पाया और पहली मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 2 में ठहरे मनोज कुमार और उनकी पत्नी को सुरक्षित नीचे उतारा। पहले कमरा नंबर 3 मिला था, बाद में बदल लिया विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि यह संयोग ही था कि मेरी जान बच गई। अगर भगवान की कृपा नहीं होती तो शायद मैं इस हादसे का शिकार हो जाता। अग्निशमन विभाग के जिला सहायक पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि AC में ब्लास्ट होने के कारण सर्किट हाउस के कमरा नंबर 3 में आग लगी थी। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी तरह की क्षति नहीं हुई है। विधानसभा अध्यक्ष ने घटना की जांच की मांग की बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि घटना के समय वह सर्किट हाउस में ही मौजूद थे। आग लगने की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। वहां पता चला कि विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ बगल के कमरा नंबर 2 में ठहरे हुए हैं। दोनों सुरक्षित थे। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर पहले मनोज कुमार और उनकी पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद सर्किट हाउस में सुरक्षा और कमरों में लगे AC की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाने की मांग की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *