![]()
अररिया। विजयादशमी पर बुधवार को अररिया शहर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी। जय माता दी के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु विसर्जन जुलूस में शामिल हुए। शहर के अड़गड़ा, शास्त्री नगर, ठाकुरबाड़ी, जयप्रकाश नगर स्थित नवदुर्गा कला मंदिर, आश्रम और माता स्थान दुर्गा मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु प्रतिमाओं को कंधों पर उठाकर विभिन्न मार्गों से होते हुए चांदनी चौक पहुंचे। चांदनी चौक पर मां दुर्गा के अंतिम दर्शन के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की बात कही गई। यहां से विसर्जन जुलूस आगे बढ़ा और श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए त्रिसुलिया घाट स्थित परमान नदी के तट पर पहुंचे। यहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान आतिशबाजी भी हुई। विसर्जन यात्रा में शामिल हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह भी विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर मां दुर्गा की विदाई भावुक क्षण है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मां के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भक्त खुशी-खुशी मां को विदाई दे रहे हैं और पूरा शहर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा है। सुरक्षा के लिए पुलिस और SSB के जवान तैनात विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जुलूस मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ SSB के जवान भी तैनात रहे। परमान नदी के तट पर सुरक्षा के लिए SDRF की टीम मोटर बोट से निगरानी करती रही। प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए टीम सतर्क रही। नगर परिषद ने की रोशनी और पेयजल की व्यवस्था विसर्जन मार्ग और त्रिसुलिया घाट पर नगर परिषद की ओर से जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया था। श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए पहुंच पथ और रोशनी की व्यवस्था की गई थी। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विसर्जन मार्ग पर जगह-जगह शरबत, चाय और पानी की व्यवस्था की। इससे जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को सुविधा मिली। शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ विसर्जन अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित ने बताया कि जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करा लिया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के लिए जरूरी कदम उठाए गए थे। मां दुर्गा की विदाई के साथ श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष उनके फिर आगमन की कामना की और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
Source link
अररिया- मां दुर्गा को विदाई देने उमड़े 50 हजार श्रद्धालु:जयकारों के बीच निकली विसर्जन यात्रा; सांसद प्रदीप सिंह शामिल, SSB और SDRF ने संभाली सुरक्षा
