Headlines

Elon Musk SpaceX Share Gift for Kids in USA


16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
इलॉन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar

इलॉन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। (फाइल फोटो)

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को उनकी रॉकेट बनाने वाली कंपनी स्पेसएक्स का एक शेयर गिफ्ट करेंगे। मस्क ने 19 अक्टूबर को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसका ऐलान किया।

अभी स्पेसएक्स के एक शेयर की कीमत 146 डॉलर यानी करीब 14 हजार रुपए के बराबर है। अमेरिका में करीब 7.2 करोड़ बच्चे हैं। ऐसे में बांटे जाने वाले शेयर्स का मूल्य 1 लाख करोड़ रुपए होगा।

हालांकि करोड़ों बच्चों तक इसे पहुंचाने की प्रोसेस क्या रहेगी? फिलहाल मस्क या उनकी कंपनी की तरफ से इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई हैं।

कौन से बच्चे पात्र होंगे, साफ नहीं

मस्क ने अपनी पोस्ट में ‘अमेरिका के हर बच्चे’ की बात कही है, लेकिन इस पर कई पेंच फंसे हैं:

  • नागरिकता: यह साफ नहीं है कि शेयर सिर्फ उन्हीं बच्चों को मिलेगा जिनके पास अमेरिकी नागरिकता है, या फिर अमेरिका में रह रहे बाकी बच्चों को भी शामिल किया जाएगा।
  • उम्र: मस्क ने उम्र की कोई सीमा नहीं बताई है। क्या नवजात शिशुओं को भी शेयर मिलेगा?
  • वेरिफिकेशन: माता-पिता को बच्चे के लिए कौन-से डॉक्यूमेंट जमा करने होंगे, फॉर्म भरना होगा या कोई और तरीका होगा। इस पर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

बेचने या ट्रांसफर करने पर सवाल

एक बड़ा सवाल यह भी है कि बच्चों के हाथ में शेयर कैसे पहुंचेगा। क्या शेयर सीधे बच्चे के नाम पर होगा, या फिर जब तक बच्चा बड़ा नहीं हो जाता तब तक यह माता-पिता के खाते में रहेगा?

कंपनी ने यह भी नहीं बताया कि बच्चे या उनके पेरेंट्स इस शेयर को जब चाहें बेच सकेंगे या नहीं, या इसे किसी और के नाम ट्रांसफर किया जा सकेगा या नहीं।

स्पेसएक्स में मस्क के 6.42 अरब शेयर, वैल्यू ₹80 लाख करोड़

30 जून 2026 तक की एक रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक स्पेसएक्स में मस्क की कुल हिस्सेदारी 48.4% है। रिपोर्ट के वक्त इस हिस्सेदारी की कुल वैल्यू करीब 860 बिलियन डॉलर यानी करीब 80 लाख करोड़ रुपए थी।

मस्क बोले- आगे और भी ऐलान करेंगे

मस्क ने अपने पोस्ट में कहा कि यह कई योजनाओं में से सिर्फ पहली योजना है। इससे साफ है कि वे आने वाले दिनों में कुछ और बड़े ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, उनकी बाकी योजनाएं क्या हैं और उनके बारे में वे कब बताएंगे, इसका उन्होंने कोई टाइमटेबल नहीं दिया है।

नाबालिगों को शेयर कैसे मिलते हैं?

अमेरिका में 18 साल से कम उम्र के बच्चों के नाम पर शेयर रखने के लिए ‘कस्टोडियल अकाउंट्स’ खोले जाते हैं। इसमें बच्चे के बालिग होने तक पूरा जिम्मा माता-पिता या गार्जियन के पास रहता है।

मस्क के ऐलान के राजनीतिक असर पर चर्चा, 3 नवंबर को मिड टर्म इलेक्शन

1. ट्रम्प की पार्टी की मदद कर रहे मस्क

अमेरिका में 3 नवंबर 2026 को मिड टर्म इलेक्शन होने हैं। इनमें रिपब्लिकन पार्टी की मदद के लिए मस्क करीब 36.6 करोड़ डॉलर खर्च कर चुके हैं।

ऐसे में उनके इस बड़े ऐलान के राजनीतिक असर पर चर्चा हो रही है। लेकिन ऐसा सबूत नहीं है कि मस्क ने चुनाव में फायदा लेने के लिए यह घोषणा की है।

उधर, SpaceX की प्रेसिडेंट ग्विन शॉटवेल और उनके पति ने भी 20 लाख से ज्यादा बच्चों के खातों में SpaceX के शेयर देने का वादा किया है। मस्क का ऐलान भी इसी दौरान आया है।

2. ट्रम्प सरकार भी बच्चों के अकाउंट में पेसा डालेगी

ट्रम्प सरकार ने भी बच्चों के लिए ‘ट्रम्प अकाउंट्स’ नाम से खाते शुरू किए हैं। इसके तहत तय नियमों को पूरा करने वाले बच्चों के खाते में सरकार एकमुश्त 1,000 डॉलर जमा करेगी। योजना का लाभ 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2028 के बीच जन्मे बच्चों को मिलेगा।

रियूजेबल रॉकेट के जरिए स्पेस सेक्टर बदला

साल 2002 में इलॉन मस्क ने स्पेस-एक्स कंपनी बनाई थी। स्पेस-एक्स ने 31 मई 2020 को कंपनी ने दुनिया का पहला प्राइवेट ह्यूमन मिशन लॉन्च किया था। इस मिशन के तहत दो एस्ट्रोनॉट -रॉबर्ट बेहेनकेन और डगलस हर्ले स्पेस गए थे। मस्क की कंपनी ने रियूजेबल रॉकेट टेक्नोलॉजी डेवलप कर सैटेलाइट लॉन्चिंग और दूसरे स्पेस मिशन्स को सस्ता बनाया है।

——————————————————————–

ये खबर भी पढ़ें…

जियो का ₹8,110 करोड़ का एंकर बुक 30-गुना सब्सक्राइब हुआ:₹2.5 लाख करोड़ की बोलियां लगीं

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का IPO आज, 19 अक्टूबर को एंकर इन्वेस्टर्स यानी बड़े इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए ओपन है। इसके एंकर बुक को अब तक 30 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन भी मिल चुका है।

IPO में कुल 8,110 करोड़ रुपए के शेयरों को एंकर इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है। जिसके मुकाबले एंकर इन्वेस्टर्स ने करीब 2.5 लाख करोड़ रुपए की बोलियां लगाई हैं। पूरी खबर पढ़ें…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।