Headlines

मधेपुरा-RJD विधायक के ममेरे भाई की हत्या का खुलासा:छिनतई के दौरान मारी थी गोली, स्मैक और हथियार के साथ 3 गिरफ्तार, पल्सर बाइक-लूटा मोबाइल बरामद




मधेपुरा में RJD विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई प्रिंस कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छिनतई के दौरान गोली मारकर प्रिंस की हत्या की थी। उनके पास से दो देसी कट्टे, दो जिंदा कारतूस, 32 ग्राम स्मैक, वारदात में इस्तेमाल पल्सर 220 बाइक, लूटा गया मोबाइल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। सोमवार को प्रेस वार्ता में एसपी संदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने हाल के दिनों में हुई छिनतई की कई घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सुनसान सड़क पर छिनतई के दौरान मारी गोली एसपी ने बताया कि 16 अक्टूबर को दिन में करीब 11 बजे साहूगढ़-गोड़ियारी रोड पर राजा ईंट भट्ठा के पास प्रिंस कुमार (29) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा वार्ड-7 निवासी सुनील कुमार के पुत्र थे। घटना के बाद सदर एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। स्मैक और त्योहार के लिए रुपये जुटाना चाहते थे गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहूगढ़ बाजार टोला वार्ड-9 निवासी क्रांति कुमार (22), शंकरपुर थाना क्षेत्र के कबियाही वार्ड-15 निवासी संजीत दास (32) और साहूगढ़ दुल्हाराम टोला निवासी गौरव कुमार (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में क्रांति कुमार ने बताया कि वह संजीत दास और एक अन्य सहयोगी के साथ पल्सर 220 बाइक से छिनतई करता था। घटना के दिन उनके पास पैसे नहीं थे। स्मैक खरीदने और पर्व-त्योहार के लिए रुपये जुटाने के उद्देश्य से उन्होंने राजा ईंट भट्ठा के पास सुनसान सड़क पर छिनतई की योजना बनाई थी। आरोपियों ने वहां बाइक से जा रहे दो लोगों को रोककर मोबाइल, एटीएम कार्ड और बाइक की चाबी छीनने की कोशिश की। इसी दौरान गोड़ियारी गांव की ओर से एक अन्य बाइक सवार आता दिखाई दिया। उसके कंधे पर बैग देखकर आरोपियों को लगा कि वह कलेक्शन कर्मी है और उसके पास रुपये होंगे। रुकने के बजाय आगे बढ़ा तो चला दी गोली एसपी के अनुसार, आरोपियों ने बाइक सवार को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद क्रांति कुमार ने बगल से उस पर गोली चला दी। गोली प्रिंस के पेट के बगल में लगी और वह बाइक समेत खेत में गिर गए। वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी बलदेव चौक होते हुए सिंहपुर रोड की ओर भाग निकले। पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल गोली गौरव कुमार ने उपलब्ध कराई थी। धान के खेत से मिला लूटा गया मोबाइल पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोड़ियारी-सिंहपुर रोड स्थित पुल के पास धान के खेत से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। वारदात में इस्तेमाल काले-लाल रंग की पल्सर 220 बाइक और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं। आरोपियों के पास से 32 ग्राम स्मैक, दो देसी कट्टे और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इस बरामदगी के संबंध में 19 अक्टूबर को मधेपुरा थाना में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उन्होंने हाल के दिनों में हुई छिनतई की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *