Headlines

दशहरा पर 346 पूजा पंडालों पर रहेगी प्रशासन की नजर:सुरक्षा के लिए दंडाधिकारी, पुलिस तैनात; 15 पंडालों में लगेंगे सूर्य घर योजना शिविर




बक्सर,दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है। जिले में प्रस्तावित 346 पूजा पंडालों की सुरक्षा के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और गश्ती दल तैनात किए जाएंगे। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी बक्सर, साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुरक्षा व्यवस्था के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। 346 पूजा पंडालों पर रहेगी नजर जिले में बक्सर अनुमंडल के 151 और डुमरांव अनुमंडल के 195 पूजा पंडाल प्रस्तावित हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 199 स्थानों पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे, जबकि 33 स्थानों पर गश्ती दल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बक्सर में पांच और डुमरांव में तीन क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं। दोनों अनुमंडलों में एक-एक जोनल दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था के लिए 19 स्थानों पर बैरियर और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, भीड़ नियंत्रण, अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06183-223333 जारी किया गया है। विजयादशमी का मुख्य कार्यक्रम 20 अक्टूबर को किला मैदान में और भरत मिलाप लीला 22 अक्टूबर को यमुना चौक पर आयोजित होगी। मिशन ज्ञानार्जन और कायाकल्प की समीक्षा प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिशन ज्ञानार्जन के तहत विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। जिले के स्कूलों में एयर प्यूरीफायर, वाटर प्यूरीफायर और भूकंपरोधी मकान समेत करीब 135 नवाचार आधारित मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। वहीं, मिशन कायाकल्प के तहत 1,360 योजनाओं के लक्ष्य के विरुद्ध 1,668 योजनाएं ली गई हैं। इनमें 169 योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है, जबकि 80 योजनाओं का कार्य पूरा कर लिया गया है। सोलर योजना और जनकल्याणकारी शिविरों की स्थिति प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में 1,680 घरेलू उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। इनमें 258 परिसरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं और 169 उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त 4,129 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की छतों पर निःशुल्क सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। नवंबर 2026 तक संबंधित उपभोक्ताओं के सोलर पैनल चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जिले के 15 पूजा पंडालों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, श्री गुरु संत रविदास समरसता विकास शिविर के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के तहत 4,673 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 3,046 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 1,627 आवेदन लंबित हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों का निष्पादन करने और विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *