Headlines

खगड़िया में दशहरा पर सुरक्षा का सख्त:DM-SP ने की संयुक्त बैठक, घाटों पर बैरिकेडिंग-गोताखोरों की तैनाती; सोशल मीडिया पर नजर




खगड़िया में दशहरा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार, 14 अक्टूबर को जिलाधिकारी विक्रम विरकर और पुलिस अधीक्षक पुष्कर आनंद ने संयुक्त बैठक कर कानून-व्यवस्था, पूजा पंडालों की सुरक्षा, प्रतिमा विसर्जन जुलूस और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। रावण दहन स्थलों पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने और बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग जोन भी निर्धारित किए जाएंगे। देखें, मौके से आई तस्वीरें… विसर्जन जुलूस के साथ रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रत्येक जुलूस के साथ पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूजा समितियों को निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही जुलूस निकालने का निर्देश दिया गया है। प्रतिनियुक्त अधिकारी और कर्मी जुलूस में शामिल लोगों के सुरक्षित लौटने तक अपने निर्धारित स्थान पर तैनात रहेंगे। नगर परिषद खगड़िया और नगर परिषद गोगरी के अधिकारियों को प्रतिमा विसर्जन स्थलों, तालाबों और नदी घाटों का निरीक्षण करने को कहा गया है। घाटों पर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर गश्ती दल और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की भी तैनाती होगी। बिजली, स्वास्थ्य और अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश विसर्जन मार्गों पर कम ऊंचाई वाले बिजली के तारों और अन्य अवरोधों की पहले से जांच करने का निर्देश विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को दिया गया है। पूजा पंडालों में भी बिजली से जुड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सिविल सर्जन को आवश्यक दवाओं के साथ एंबुलेंस, चिकित्सक और पारा मेडिकल कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी जरूरी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं, खगड़िया और गोगरी में अग्निशमन वाहन और अग्निशमन दल तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई दशहरा के दौरान फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ संदेशों की निगरानी की जाएगी। डीएम और एसपी ने निर्देश दिया कि अफवाह या विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्या सामने आने पर त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के साथ शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों का सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया। आपातकालीन संचालन केंद्र रहेगा सक्रिय पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र सक्रिय रहेगा। जिला स्तर पर पुलिस बल के साथ प्रशिक्षित मोटरसाइकिल सवार जवानों के दल के माध्यम से भी विधि-व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। बैठक में अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी समेत संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से दशहरा पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।
लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने पूजा समितियों और आम नागरिकों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने को कहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *