पटना4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर आज पटना में छात्र-युवा संगठनों की ओर से लोक भवन मार्च किया जाएगा।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के नेतृत्व में यह प्रदर्शन होगा। सुबह 11 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास सभी छात्र जुटेंगे।
SIR के जरिए मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने, चुनाव आयोग की भूमिका और देश में लोकतांत्रिक अधिकारों पर बढ़ते हमलों के खिलाफ ये प्रदर्शन किया जा रहा है।
SIR की प्रक्रिया के खिलाफ जताएंगे विरोध
माले विधायक संदीप सौरव ने कहा कि देश के लोकतंत्र पर एक संकट छा गया है। यह सिर्फ विपक्ष का आरोप नहीं है, बल्कि कई खुलासे भी हुए हैं। दो चुनाव आयुक्त के विपत्ति के बावजूद SIR की पूरी प्रक्रिया की गई।
हर आठवें वोटर का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। केंद्र में दो परसेंट के मार्जिन से सरकार चल रही है। इसके अलावा चुनाव आयोग की जो केंद्रीय वेबसाइट है, उसमें वोटर लिस्ट को लेकर जो सुधार की जा सकती थी, वह भी अधिकार स्थानीय अधिकारी से छीन लिया गया। ज्ञानेश कुमार ने अपनी टीम बनाकर भाजपा के पक्ष में इसे मॉनिटर करवाया।

चुनावी प्रक्रिया को लेकर पहले भी उठे हैं सवाल
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों की ओर से समय-समय पर सवाल उठाए गए हैं। प्रदर्शनकारी संगठन इसी मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराने के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं।
जिलाधिकारी ने जारी किए निर्देश
इधर प्रदर्शन को लेकर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संगठनों से अपील की है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से रखने के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित धरना स्थल का ही उपयोग करें। साथ ही, यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और आम नागरिकों की सुविधा बनाए रखने में जिला प्रशासन को सहयोग करें।
प्रशासन ने कहा है कि निर्धारित स्थल के अलावा दूसरी जगह धरना-प्रदर्शन करने, जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।

