Headlines

महागठबंधन ने PM मोदी, अमित शाह, CEC का पुतला जलाया:मतदाता सूची से नाम हटाने के विरोध में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी




मतदाता सूची में नाम हटाए जाने के विरोध में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जहानाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व राजद के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुमार चंद्रवंशी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार द्वारा एक राजनीतिक दल के पक्ष में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिससे एक पार्टी को चुनावी लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई है। जिला स्तर तक लगातार आंदोलन उन्होंने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी। अरविंद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि महागठबंधन के सभी घटक दल मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यशैली का विरोध कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से उन्हें पद से हटाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसी के विरोध में महागठबंधन द्वारा प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक लगातार आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलन को और व्यापक करने की दी चेतावनी उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर किसी प्रकार का सवाल नहीं उठना चाहिए। यदि मतदाता सूची में वास्तविक रूप से बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं तो इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार को पद से नहीं हटाया गया और उनकी मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर महागठबंधन के कार्यकर्ता दिल्ली तक आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाते हुए अपनी मांगों को दोहराया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *