Headlines

औरंगाबाद में छत से गिरकर शिक्षक की मौत:खाना खाने के बाद छत पर टहलने गए थे, पानी की वजह से फिसला पैर




औरंगाबाद शहर के शाहपुर मोहल्ले के वार्ड नंबर-28 स्थित सूर्य मंदिर ठाकुरबाड़ी के पास शनिवार की रात छत से गिरने के कारण 50 वर्षीय शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सूर्य मंदिर ठाकुरबाड़ी निवासी ललित कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात खाना खाने के बाद ललित कुमार अपने घर की छत पर टहल रहे थे। वे अक्सर छत पर ही सोते भी थे। छत पर पानी जमा हुआ था। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह अपना संतुलन खो बैठे। संतुलन बिगड़ने के बाद ललित कुमार छत से नीचे गिर गए। नीचे गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उस समय ललित गंभीर रूप से घायल अवस्था में थे। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पर जान नहीं बची। गयाजी पहुंचने से पहले मौत सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने ललित कुमार का प्राथमिक उपचार किया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया लेकर जाने लगे। हालांकि, गयाजी पहुंचने से पहले ही रास्ते में ललित कुमार की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव लेकर वापस सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी। नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, ललित कुमार शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। 2007 से वह कुटुंबा प्रखंड के रतनुआ गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर सेवा दे रहे थे। वह 2 भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी नीता कुमारी, दो बेटे और एक बेटी हैं।
शिक्षक की मौत से सहकर्मियों में शोक की लहर शिक्षक की मौत की खबर मिलने के बाद विद्यालय के अन्य शिक्षकों और उनके परिचितों में भी शोक की लहर है। शिक्षकों ने ललित कुमार के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सहकर्मियों ने कहा कि ललित कुमार लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवा दे रहे थे और उनका व्यवहार सभी के प्रति अच्छा था। नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि छत से गिरने के कारण एक अधेड़ शिक्षक की मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *