Headlines

सीवान में जाम में खड़ी बाइक में लगी आग:थाना रोड से बड़ी मस्जिद जा रहा था, ड्राइवर सुरक्षित




सीवान में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच नगर थाना क्षेत्र के बड़ी मस्जिद के पास गुरुवार को चलती बाइक में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बाइक धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक हीरो स्प्लेंडर बाइक से थाना रोड की तरफ से बड़ी मस्जिद की ओर जा रहा था। बड़ी मस्जिद से कुछ दूरी पहले सड़क पर जाम लगा था। युवक जाम में बाइक लेकर खड़ा था। इसी दौरान अचानक बाइक से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाइक में आग की लपटें उठने लगीं। बाइक का अधिकांश हिस्सा जल गया बाइक में आग लगते ही चालक ने तत्परता दिखाई और बाइक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद वह खुद सुरक्षित स्थान पर चला गया। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और बाइक पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। किसी ने पानी तो किसी ने बालू डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। कुछ ही मिनटों में बाइक का अधिकांश हिस्सा जल गया और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर जुटी लोगों की भीड़ घटना के बाद बाइक चालक मौके से चला गया। इस कारण बाइक के मालिक और चालक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया कि युवक बाइक से कहां जा रहा था। स्थानीय लोगों ने भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच बाइक में तकनीकी खराबी आने की आशंका जताई है। हालांकि बाइक में आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *