Headlines

पटना जंक्शन अंडरग्राउंड सब-वे का आधा खर्च उठाएगा महावीर मंदिर:महीने में देगा 4 लाख रुपए, मेंटेनेंस में अभी 8 लाख खर्च हो रहे हैं




जीपीओ गोलंबर स्थित मल्टी मॉडल हब से पटना जंक्शन को जोड़ने वाले 440 मीटर लंबे अंडरग्राउंड सब-वे के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी में जल्द बदलाव होने जा रहा है। अब इसके रखरखाव का आधा खर्च महावीर मंदिर उठाएगा। नई व्यवस्था के तहत श्री महावीर स्थान न्यास समिति हर महीने करीब 4 लाख रुपए देगी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच बैठक हो चुकी है। अंतिम निर्णय बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने करीब 84.8 करोड़ रुपए की लागत से इस सब-वे का निर्माण कराया है। इसके संचालन और रखरखाव पर हर महीने करीब 8 लाख रुपए खर्च हो रहे हैं। शुरुआत से अब तक इस मद में लगभग 1.5 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। नई व्यवस्था के तहत महावीर स्थान न्यास समिति हर महीने करीब 4 लाख रुपए देगी। बाकी 4 लाख रुपए का खर्च पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड उठाएगा। ट्रैवलेटर और लिफ्ट से यात्रियों को सुविधा सब-वे में यात्रियों की सुविधा के लिए चार ट्रैवलेटर, 2 एस्केलेटर और 2 लिफ्ट लगाए गए हैं। इसके कारण मल्टी मॉडल हब से पटना जंक्शन और महावीर मंदिर की ओर जाने वाले लोगों को सड़क पार करने की जरूरत नहीं पड़ती। सब-वे के अंदर करीब 600 वर्गफुट क्षेत्र में 6 दुकानें बनाई गईं हैं। इनके मासिक किराए का निर्धारण किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुकानों को आवंटन के लिए महावीर स्थान न्यास समिति को सौंपा जाएगा। न्यास समिति व्यावसायिक नियमों के तहत दुकानों का आवंटन करेगी, जबकि इन दुकानों से मिलने वाला राजस्व पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड को दिया जाएगा। इससे स्मार्ट सिटी को नियमित आय का एक स्रोत भी मिलेगा।
रोज 30-40 हजार लोग करते हैं इस्तेमाल मल्टी मॉडल हब से पटना जंक्शन आने-जाने वाले करीब 30 से 40 हजार लोग रोज इस सब-वे का इस्तेमाल करते हैं। महावीर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही भी यहां काफी रहती है। फिलहाल निर्माण एजेंसी ही सब-वे के संचालन और रखरखाव का काम संभाल रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद खर्च और जिम्मेदारियों का बंटवारा बदल जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *