Headlines

औरंगाबाद में बंद घर का ताला तोड़कर चोरी:सोने-चांदी के जेवर समेत 20 लाख का सामान ले उड़े; जन्मदिन मानने बोकारो गया था परिवार




औरंगाबाद में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया है। करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपए नकद, महंगे कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान ले उडे़। चोरी के दौरान चोरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ भी की है। घटना के कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़िला गांव की है। गृहस्वामी ने कुल 20 से 22 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। अजय कुमार सिंह अपनी पत्नी अंजना सिंह के साथ 22 सितंबर को घर में ताला बंद कर बोकारो गए थे। उनके दोनों बच्चे बोकारो में पढ़ाई करते हैं। पत्नी का 24 सितंबर को जन्मदिन था। परिवार ने बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने की योजना बनाई थी। जन्मदिन समारोह के बाद मंगलवार की रात जब दंपती मुड़िला स्थित अपने घर पहुंचे तो बाहर से ही उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। घर की बाउंड्री में कपड़े और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर कमरे का ताला भी टूटा मिला। अलमारी को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। घर के अन्य कमरों की भी तलाशी लेने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। तीन लाख के एलईडी टीवी को खोल नहीं सके तो तोड़ दिया चोरी के दौरान चोरों ने सिर्फ कीमती सामान ही नहीं चुराया, बल्कि घर में जमकर तोड़फोड़ भी की। गृहस्वामी के अनुसार घर में लगा करीब तीन लाख रुपए कीमत का एलईडी टीवी चोरों ने खोलने का प्रयास किया। जब टीवी नहीं खुला तो उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। करीब दो लाख रुपए कीमत के साउंड सिस्टम को भी तोड़ दिया गया। इसके अलावा पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। कई सामान बाउंड्री में फेंके हुए मिले। घर के अंदर कपड़े, सामान और अन्य वस्तुएं चारों तरफ बिखरी थी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने घर के अलग-अलग कमरों में काफी देर तक तलाशी ली। परिजनों के मुताबिक चोरों ने अलमारी और दूसरे स्थानों को निशाना बनाकर कीमती सामान की तलाश की। घर के लोग कई दिनों से बाहर थे, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। गृहस्वामी ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, एफएसएल और डॉग स्क्वाड को बुलाया जानकारी मिलने के बाद कुटुंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया है, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। गृहस्वामी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और हाल के दिनों में गांव में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। ग्रामीणों ने जताई नाराजगी चोरी की इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मुड़िला गांव में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी हुई हैं। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। 24 दिन पहले तीन मंदिरों में हुई थी चोरी मुड़िला गांव में यह पहली चोरी की घटना नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार 4 सितंबर को चोरों ने गांव के तीन मंदिरों से पीतल की घंटियां चोरी कर ली थी। इसके अलावा गांव के बधार में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर की चोरी की घटना भी पहले सामने आ चुकी है। मंदिरों से घंटियां चोरी होने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से शिकायत की थी। तत्कालीन थानाध्यक्ष इमरान आलम ने गांव में कुछ दिनों तक दो होमगार्ड जवानों की तैनाती कराई थी। ग्रामीणों के अनुसार जवान 24 घंटे गांव में निगरानी करते थे। इस दौरान चोरी की घटनाओं में कमी आई थी और गांव में अवैध शराब बिक्री पर भी रोक लगी थी। ग्रामीणों का दावा है कि बाद में होमगार्ड जवानों को हटा लिया गया। इसके कुछ ही दिनों बाद अब बंद घर में लाखों की चोरी हो गई। ग्रामीणों ने गांव में दोबारा नियमित पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव के लोग अपने घर और संपत्ति को लेकर चिंतित हैं। पुलिस अब इस घटना के साथ पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *