![]()
मगध रेंज के आईजी विकास वैभव रविवार को औरंगाबाद पहुंचे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभाकक्ष में आईजी ने जिले के सभी एसडीपीओ, डीएसपी, सीआई और संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। लंबित कांड, वारंट और गश्ती व्यवस्था की समीक्षा आईजी ने विधि-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए कई बिंदुओं पर जानकारी ली। लंबित कांडों की स्थिति, वारंट, इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई। इसके अलावा थाना क्षेत्रों में गश्ती व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता पर भी चर्चा हुई। आईजी ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संडा बॉर्डर पहुंचे आईजी, सेवा संकल्प यात्रा को लेकर तैयारी बैठक के बाद आईजी बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित कुटुंबा प्रखंड के संडा पहुंचे और बॉर्डर क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा आगामी 5 अक्टूबर को झारखंड के पलामू जिले से होकर बिहार में प्रवेश करेगी। संडा के पास यात्रा का स्वागत प्रस्तावित है। बताया गया कि करीब 500 बाइक के साथ यात्रा बिहार में प्रवेश करेगी। इसके बाद संडा से औरंगाबाद होते हुए बरुण तक बाइक रैली निकाले जाने की योजना है। कार्यक्रम में सरकार के कई मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आईजी ने स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एरका चेकपोस्ट का निरीक्षण, शराब तस्करी पर निगरानी संडा के निरीक्षण के बाद आईजी ने एरका चेकपोस्ट का भी जायजा लिया। उन्होंने चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों और कर्मियों से व्यवस्था की जानकारी ली। एरका चेकपोस्ट पर झारखंड की ओर से बिहार आने वाले वाहनों को रोककर जांच की जाती है। खासकर शराब की तस्करी रोकने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग द्वारा चेकपोस्ट का 24 घंटे संचालन किया जाता है। आईजी ने सीमा क्षेत्र में निगरानी और जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
Source link
औरंगाबाद में मगध रेंज के आईजी ने की समीक्षा बैठक:संडा बॉर्डर-एरका चेकपोस्ट का निरीक्षण; क्राइम कंट्रोल और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती के निर्देश
