Headlines

बंदरा में पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान:राहगीरों को रोककर गाड़ियों की जांच की, ट्रैफिक नियम का पालन करने की सलाह




बंदरा प्रखंड क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार की रात बंदरा प्रखंड मुख्यालय चौक पर पुलिस द्वारा एक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया, जिससे सड़क पर आने-जाने वाले वाहन चालकों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान पुलिस बल ने चौक से गुजरने वाले सभी दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की गहन जांच की। इसके साथ ही, सुरक्षा के दृष्टिकोण से वाहनों की डिक्की और संदिग्ध बैगों की भी बारीकी से तलाशी ली गई। पुलिस टीम ने न केवल वाहन चालकों, बल्कि सड़क पर पैदल चल रहे संदिग्ध लोगों को भी रोककर उनसे पूछताछ की। इस औचक कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले और बिना हेलमेट व कागजात के चल रहे चालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। अभियान की जानकारी देते हुए एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया “विभागीय निर्देशों के आलोक में क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। भविष्य में भी इस तरह के औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे।” मौके पर मुस्तैद रही पुलिस टीम इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान एसडीपीओ के साथ हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहे। पुलिस की इस सक्रियता की स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने सराहना की है, क्योंकि इससे त्योहारों के मौसम में असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *