![]()
उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव में सोमवार की शाम हुए शत्रुघ्न कुमार हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अप्राथमिकी आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी बुधवार को थाना क्षेत्र के पियनिया रोड से की गई। गिरफ्तार आरोपितों में जयनगर गांव निवासी रजनीश कुमार और गुरु दयाल कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान दोनों के नाम सामने आए थे। पूछताछ में दोनों ने हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है। हालांकि, मामले में मुख्य आरोपित बताए जा रहे विशाल और प्रिंस अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मोबाइल में लड़की की तस्वीर खींचने को लेकर विवाद हुआ थी उदवंतनगर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि विशाल के जन्मदिन के दिन वे लोग एक लड़की को लेकर शत्रुघ्न के गांव स्थित नहर की ओर गए थे। इसी दौरान शत्रुघ्न ने लड़की का फोटो अपने मोबाइल से खींच लिया था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और हाथापाई भी हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसी पुराने विवाद को लेकर बाद में शत्रुघ्न की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात आरोपितों ने बताई है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। घर से बुलाकर नहर के पास ले गए, करीब से सीने में मारी गोली बताया जाता है कि सोमवार की शाम जयनगर गांव निवासी धनंजय सिंह उर्फ संतोष सिंह के पुत्र शत्रुघ्न कुमार को कुछ लोग घर से बुलाकर गांव के नहर के समीप ले गए थे। वहां उसे काफी करीब से सीने में गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद परिजन व स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मामले में मृतक के दादा कृष्ण सिंह के बयान पर उदवंतनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें जयनगर गांव निवासी विशाल और प्रिंस समेत चार नामजद आरोपितों तथा दो अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद तकनीकी और अन्य अनुसंधान के आधार पर रजनीश कुमार व गुरु दयाल कुमार के नाम सामने आए, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष के अनुसार, मृतक शत्रुघ्न और आरोपितों के बीच पहले से दोस्ती थी। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ हत्या में प्रयुक्त हथियार और घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Source link
भोजपुर में लड़की की तस्वीर क्लिक करने पर हत्या:आरोपी अपने जन्मदिन पर लड़की को लेकर गया था, विवाद के बाद गोली मारने की बात कबूली
