![]()
खगड़िया में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। चित्रगुप्तनगर थाने में 12 नामजद समेत 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए लगाए गए बैनर-पोस्टर फाड़े गए और उन पर कालिख पोती गई। प्रदर्शन से यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने तथा सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है। एसबीआई के पास जुटे थे प्रदर्शनकारी पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले प्रदर्शनकारी एसबीआई मेन ब्रांच के बगल वाली गली में धरने पर बैठे थे। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए संबंधित अधिकारियों से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। नारेबाजी करते समाहरणालय की ओर बढ़े पुलिस के मुताबिक, धरना देने के बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी और हो-हल्ला करते हुए समाहरणालय की ओर बढ़े। इसी दौरान रास्ते में जिला प्रशासन की ओर से सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए बैनर और पोस्टर फाड़ने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि कुछ पोस्टरों पर कालिख भी पोती गई। CO की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी सदर अंचलाधिकारी पुनीत कौशल की लिखित शिकायत पर चित्रगुप्तनगर थाने में 23 सितंबर को कांड संख्या 152/26 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में चंदन यादव, नवीन कुमार यादव, विराट कुमार विराट, छोटू कुमार, रूपेश कुमार उर्फ रूपेश पटेल, राहुल कुमार, बरण कुमार साह, अर्जुन कुमार, सुभाष रत्न महतो, फुलचन्द्र कुमार, मनोज चौधरी और कुमार रंजन को नामजद किया गया है। इनके अलावा 15-20 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। कई धाराओं में दर्ज किया गया केस पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 191(2), 126(2), 189(2), 285, 223 और 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा Prevention of Defacement of Property Act, 1985 और IT Act, 2000 की धारा 66(E) भी लगाई गई है। 11 नामजद आरोपी बंधपत्र पर छोड़े गए पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपी नवीन कुमार यादव को छोड़कर बाकी सभी नामजद आरोपियों को BNSS की धारा 35(3) के तहत बंधपत्र पर छोड़ा गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। पोस्टर फाड़ने के आरोपों की जांच पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं, सरकारी योजनाओं के बैनर-पोस्टर किसने फाड़े और अन्य आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन पर कांग्रेस नेताओं समेत 12 नामजद:खगड़िया में 15-20 अज्ञात पर केस,बैनर-पोस्टर पर कालिख पोतने का आरोप
