Headlines

मुंगेर में छात्र हत्याकांड में किशोर पकड़ा गया:24 घंटे बाद भी मुख्य आरोपी फरार; बहन से छेड़खानी के विरोध में की थी हत्या




मुंगेर में सफियासराय थाना से महज 100 मीटर दूर दिनदहाड़े 15 साल के छात्र की गोली मारकर हत्या के मामले में 24 घंटे बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मृतक की बहन से छेड़खानी से जुड़े विवाद के कारण मृतक की पहचान और पता छिपाया जा रहा है। बहन से छेड़खानी का विरोध करता था छात्र परिवार के सदस्यों के अनुसार, मृतक की बड़ी बहन के साथ हसनगंज लाल खान चौक स्थित ट्यूशन सेंटर में आरोपी काफी समय से छेड़खानी करता था। छोटा भाई इसका विरोध करता था। लगातार परेशानी के कारण करीब दो महीने पहले पिता ने दोनों बच्चों का ट्यूशन बंद करा दिया था। परिवार का आरोप है कि आरोपी किशोर ने इंस्टाग्राम पर छात्र को जान से मारने की धमकी भी दी थी। मृतक के पिता के आवेदन पर सफियासराय थाना में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फोन कर मार्बल गोदाम के पीछे बुलाया परिवार के मुताबिक, शनिवार दोपहर आरोपी ने फोन कर छात्र को मार्बल गोदाम के पीछे बुलाया था। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान छात्र के सिर में पिस्टल से गोली मार दी गई। गोली लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले पास के अस्पताल ले जाया गया। वहां से मुंगेर सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक आरोपी पकड़ा, तीन की तलाश थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि नामजद आरोपी कासिम बाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें एक किशोर आरोपी को पकड़ लिया गया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं। पुलिस ने एक महिला समेत दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से चाकू बरामद, हाथों से भी लिए साक्ष्य घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चाकू आरोपी अपने साथ लेकर आया था या छात्र ने बचाव के लिए अपने पास रखा था। एफएसएल टीम ने मृतक के हाथों से भी साक्ष्य जुटाए हैं। चाकू और अन्य साक्ष्यों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बेटे को बड़ा अधिकारी बनाने का सपना था छात्र की मौत के बाद परिवार में मातम है। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मां बेटे के ठीक होने की प्रार्थना कर रही थीं। बेटे की मौत के बाद वह बदहवास हैं। ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले पिता ने बेटे को बड़ा अधिकारी बनाने का सपना देखा था। बेटे की मौत के साथ परिवार का यह सपना भी टूट गया। बड़ी बहन और छोटा भाई भी सदमे में हैं। थाना के पास हत्या से गश्ती पर सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि सफियासराय थाना से हेरु दियारा तक के इलाके में थाना से इतनी कम दूरी पर दिनदहाड़े हत्या की घटना पहली बार हुई है। लोगों का कहना है कि आरोपी किशोर होने के बावजूद हथियार लेकर थाना के पास पहुंचा और हत्या के बाद फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। एसपी बोले- एक आरोपी पकड़ा गया एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि हत्या में जिन दो नाबालिगों के नाम सामने आए हैं, उनमें से एक को पुलिस ने पकड़ लिया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *