![]()
बेतिया के कालीबाग थाना क्षेत्र में 55 साल की विधवा बच्ची देवी की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सोमवार को हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार ‘दाब’ को मृतका के घर के पूजा स्थल से बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद खून से सने दाब को सबूत छिपाने के लिए पूजा घर में भगवान शिव की मूर्तियों के नीचे छिपाकर रखा गया था। घर में बहू और पोती के साथ सो रही थीं जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार देर रात बच्ची देवी अपने घर में बहू और पोती के साथ सो रही थीं। इसी दौरान किसी ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह घर में खून से लथपथ शव मिलने के बाद कालीबाग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद तकनीकी जांच के साथ घर के सदस्यों और रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू की गई। बयानों में अंतर मिला तो परिवार पर शक बढ़ा पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान परिवार के सदस्यों के बयानों में अंतर सामने आया। इससे पुलिस का शक बढ़ गया। जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतका के बड़े बेटे राजकुमार, उसकी पत्नी सुमन देवी और मंझली बहू अंजू देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूजा स्थल की तलाशी में मिला दाब सोमवार को पुलिस ने मृतका के घर के पूजा स्थल की गहनता से तलाशी ली। इस दौरान भगवान शिव की मूर्तियों के नीचे छिपाकर रखा गया दाब बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस इसे हत्या के मामले में अहम सबूत मान रही है। जमीन बेचने के पैसे के बंटवारे का विवाद पुलिस की अब तक की जांच में जमीन बेचने से मिले रुपये के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इसी पारिवारिक विवाद और रुपये के लालच में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। कालीबाग थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि हथियार की विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई है। हत्या के मूल कारण और घटना में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Source link
बेतिया में विधवा की गला रेतकर हत्या का खुलासा:खून से सना दाब पूजा घर में शिव की मूर्तियों के नीचे छिपाया था; बेटे-बहू समेत 3 गिरफ्तार
