श्रीनगर14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सुरक्षाबलों को और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार रात सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर यह कार्रवाई की। जिले के मजालता इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी होने और कश्मीर टाइगर्स (KT) या जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने की आशंका है। उनकी पहचान और संगठन की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मजालता इलाके में घेराबंदी बढ़ा दी गई है। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।
घने जंगल और पहाड़ी इलाका है मजालता
उधमपुर का मजालता इलाका घने जंगल और पहाड़ी भूभाग वाला है। सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ दिनों से ब्रेटल-खुब्बन बेल्ट और आसपास के जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसके बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई थी।
बुधवार देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही की सूचना मिलने पर सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के SOG ने इलाके की घेराबंदी की और तलाशी शुरू की। इस दौरान आतंकियों की ओर से फायरिंग होने पर सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। अंधेरा, घने जंगल और पहाड़ी इलाका होने की वजह से ऑपरेशन में दिक्कतें भी आ रही हैं।
15 सितंबर को राजौरी में 3 OGW गिरफ्तार हुए थे
इससे पहले 15 सितंबर को राजौरी पुलिस ने पीर पंजाल इलाके में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क का खुलासा किया था। मामले में जाकिर हुसैन, मोहम्मद आजम और मोहम्मद मुश्ताक को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में तीनों पर आतंकियों को लॉजिस्टिक मदद, सुरक्षित रास्ता और दूसरी जमीनी सहायता देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि वे आतंकियों के गाइड के तौर पर भी काम करते थे और उन्हें कश्मीर घाटी की ओर जाने में मदद करते थे।
तीन दिन पहले डोडा में आतंकी का सड़ा शव मिला था

आतंकी का शव मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया था। यह फुटेज उसी वक्त का है।
एक आरोपी की निशानदेही पर IED बरामद
राजौरी मामले में एक आरोपी की निशानदेही पर IED भी बरामद किया गया था। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में संकेत मिले कि यह IED एक आतंकी समूह ने सुरक्षित रखने और संभावित हमले में इस्तेमाल के लिए आरोपियों को दिया था।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
——————-
ये खबर भी पढ़ें…
हाफिज सईद के नाम 2 महीने में दूसरा गैर-जमानती वारंट:NIA कोर्ट का आरोप- आतंकवादियों को हथियार और फंड दिया

जम्मू की एक स्पेशल NIA कोर्ट ने लश्कर-ए-तैयबा के चीफ और घोषित आतंकवादी हाफिज मोहम्मद सईद के खिलाफ नया गैर-जमानती वारंट जारी किया है। उस पर कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकवादियों को हथियार, फंड और निर्देश देने का आरोप है। पूरी खबर पढ़ें…

