![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में ‘सेवा संकल्प महाअभियान’ चलाएगी। यह अभियान प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होगा। 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 साल पूरे हो रहे हैं। अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी राजनीतिक जिम्मेदारी संभाली थी। पिछले 25 सालों में उन्होंने जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम मानकर देशहित में लगातार काम किया है। सांसद ने कहा कि पीएम मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ा रहा है। प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना उन्होंने आगे कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुई उनकी राजनीतिक यात्रा आज देश के विकास और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा से जुड़ी है। उनके नेतृत्व में विकास, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति और सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में कई पहलें की गई हैं। ‘सेवा संकल्प महाअभियान’ के तहत भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक कई सेवा और जनकल्याण के कार्यक्रम करेंगे। हर बूथ पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। इस दौरान रक्तदान शिविर, पेड़ लगाना, स्वास्थ्य शिविर, जल संरक्षण अभियान और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण बांटने जैसे काम होंगे। खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। सेवा संकल्प महाअभियान को सफल बनाने का आह्वान सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि यह अभियान सिर्फ कार्यक्रमों की एक कड़ी नहीं है। यह सेवा को सामाजिक संस्कार और राष्ट्र निर्माण को लोगों की भागीदारी से जोड़ने की कोशिश है। उन्होंने अररिया लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सांसद ने लोगों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर अपने-अपने घरों के आगे एक दीप जलाकर उनके लंबे जीवन की कामना करने और ‘सेवा संकल्प महाअभियान’ को सफल बनाने का आह्वान किया।
Source link
अररिया में बूथ स्तर तक होंगे सेवा कार्यक्रम:PM मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर BJP का सेवा संकल्प महाअभियान
