Headlines

अश्लील आर्केस्ट्रा वीडियो में 5 नामजद समेत अन्य पर केस:मधुबनी में स्कूल का वीडियो हुआ था वायरल, DM के निर्देश पर जांच




मधुबनी के खजौली प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मकुनमा परिसर में अश्लील गानों पर आर्केस्ट्रा और डांस कार्यक्रम आयोजित किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद जिला प्रशासन ने जल्द कार्रवाई की है। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर जांच कराई गई। जांच के बाद खजौली थाना में पांच नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। खजौली थाना में दर्ज केस का नंबर 251/26 है, जो 15 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया। इसमें बेचन राम, किशुन राम, रतीश राम, दुर्गेश राम और मुकेश राम को नामजद किया गया है। इनके अलावा कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। नियमों के हिसाब से कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस ने लाउडस्पीकर एक्ट 1955 और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिक विद्यालय मकुनमा परिसर में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में विद्यालय परिसर में अश्लील गानों पर डांस कार्यक्रम होने की बात सामने आई। वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद मामला जिलाधिकारी आनंद शर्मा के संज्ञान में आया। उन्होंने तुरंत जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच करने और दोषी लोगों के खिलाफ नियमों के हिसाब से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद मामले की जांच की गई। विद्यालय के प्रधान शिक्षक संजय कुमार मंडल ने भी खजौली थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। आवेदन में उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे उन्हें विद्यालय परिसर में हुए आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के वायरल वीडियो की जानकारी मिली थी। सरकारी परिसर के अनधिकृत इस्तेमाल पर सख्ती जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों का संचालन निर्धारित नियम, प्रोटोकॉल और मर्यादा के अनुरूप होना चाहिए। सरकारी विद्यालय विद्यार्थियों की शिक्षा और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थान हैं। इनके परिसर का बिना अनुमति किसी निजी, मनोरंजनात्मक या अन्य अनुचित गतिविधि के लिए उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी बाहरी या असामाजिक तत्व द्वारा सरकारी परिसर में बिना सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के कार्यक्रम आयोजित करना गंभीर विषय है। सरकारी संस्थानों की गरिमा और निर्धारित प्रोटोकॉल से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को सरकारी विद्यालयों एवं अन्य सरकारी संस्थानों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाने को कहा गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *