![]()
समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर मस्जिद मोहल्ले में एक बेटे ने अपने पिता की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान मृतक की पत्नी यानी आरोपी की मां बीच-बचाव के लिए आई। आरोपी ने अपनी मां पर भी हमला किया, जिसमें वे घायल हो गईं। उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी घर में ही था। हत्या की जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने उसे घर से ही गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है। सोमवार की रात वो नशे के लिए पिता से पैसे मांग रहा था, लेकिन इनकार पर उसने वारदात को अंजाम दे दिया। मृतक की पहचान मोहनपुर मस्जिद मोहल्ले के रहने वाले 60 साल के मोहम्मद इस्लाम, जबकि आरोपी की पहचान उनके बेटे 25 साल के मोहम्मद अरमान के रूप में हुई है। मृतक का परिवार मूल रूप से सीवान का रहने वाला है। मोहम्मद इस्लाम ने अपने समस्तीपुर स्थिति ससुराल में ही घर बनाया था। घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें देखिए अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला मोहम्मद इस्लाम के दो बेटे हैं। आरोपी उनका बड़ा बेटा है। मृतक के साले के बेटे मोहम्मद सोहराब ने बताया कि मो. अरमान नशे का आदी है और कोई काम नहीं करता। सोमवार की रात भी उसने नशा करने के लिए अपने पिता से पैसे मांगे थे। पिता ने उसे कुछ पैसे दिए थे, जिससे उसने वाइटनर का नशा किया और रात 12 बजे के करीब घर लौटा था। सोहराब ने बताया कि जब आरोपी घर आया तो उसके पिता ने उसे डांट लगाई। इसके बाद उसने नशे के लिए और पैसे मांगे। जब उसके पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो नाराज होकर आरोपी ने घर में रखे कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी मोहम्मद इस्लाम के गले पर लगी, जिससे उनका गला कट गया। कुल्हाड़ी से हमले के बाद मोहम्मद इस्लाम ने शोर मचाया तो उनकी पत्नी बीच-बचाव के लिए पहुंची। आरोपी ने उनके सिर पर भी हमला कर दिया। उधर, घर में शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर जुटे और आरोपी अरमान को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में हुई मोहम्मद इस्लाम की मौत बताया जा रहा है कि कुल्हाड़ी से हमले में गंभीर रूप से घायल मोहम्मद इस्लाम को पहले सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देख परिजन ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। परिवार के लोग घायल को पटना ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अरमान घर की छत पर सोने चला गया था। वो नशे में था, उसे कुछ नहीं पता था कि उसने क्या किया है। वहीं, पहले से छत पर पहले सो रहे मृतक के छोटे बेटे अरबाज ने बताया कि शोर सुनकर मैं नीचे उतरा और माता-पिता को सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में मां का इलाज जारी है। पुलिस ने कहा- प्राथमिकी दर्ज की जा रही मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि बेटे के हमले में घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हुई है। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक नशे का आदी है और नशे के लिए पिता से पैसे मांग रहा था। पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद उसने पिता पर हमला किया। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
समस्तीपुर- कुल्हाड़ी से गला काटकर की पिता की हत्या:आरोपी बेटा गिरफ्तार, नशे के लिए पैसा मांग रहा था; इनकार पर किया हमला, मां भी घायल
